विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वेदांता पावर प्लांट हादसा: 19 मृतकों में सिंदरी के तरुण ओझा की शामिल, छोटा भाई छत्तीसगढ़ रवाना

By Barmeshwar Kumar Sharma Edited By: Mritunjay Pathak
Published: Wed, 15 Apr 2026 06:36 PM (IST)

Vedanta Power Plant Blast:छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट में हुए बॉयलर ब्लास्ट से 19 लोगों की मौत ...और पढ़ें

वेदांता पावर प्लांट में हादसे के बाद का दृश्य।

वेदांता पावर प्लांट में हादसे के बाद का दृश्य।

संस, जागरण, सिंदरी (धनबाद)। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे की आंच धनबाद के सिंदरी तक पहुंच गई है। इस हादसे में अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में सिंदरी के तरुण कुमार ओझा भी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट होने से यह हादसा हुआ। घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 ने रायगढ़ के विभिन्न अस्पतालों में दम तोड़ा। वहीं, दो लोगों की मौत रायपुर के कालड़ा अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। मृतकों में चार छत्तीसगढ़ के हैं, जबकि अन्य उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के निवासी थे।

वेदांता प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपये और नौकरी देने की घोषणा की है, जबकि घायलों को 15-15 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये देने की बात कही है तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

सिंदरी के 40 वर्षीय तरुण कुमार ओझा इस हादसे के शिकार हुए हैं। वे सिंदरी खाद कारखाने के सेवानिवृत्त कर्मचारी दिवंगत काशीनाथ ओझा के ज्येष्ठ पुत्र थे और अविवाहित थे। उनका परिवार रोहड़ाबांध स्थित आवास में रहता है। हादसे की जानकारी उनके छोटे भाई कृष्णा ओझा को सोशल मीडिया के माध्यम से मिली, जिसके बाद वह बिना परिवार को सूचित किए छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हो गए। उन्होंने फोन पर बताया कि वे राउरकेला पार कर चुके हैं और शाम तक घटनास्थल पहुंचने की संभावना है।