मरीज की माैत के बाद एशियन जालान अस्पताल में हंगामा, इलाज में लापरवाही का आरोप Dhanbad News
मृतक के पुत्र मुकेश कुमार केसरी ने बताया कि सप्ताह भर पूर्व मरीज को अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां उनका हार्ट का ऑपरेशन हुआ। रविवार को डॉक्टरों ने डिस्चार्ज करने को कहा था। सुबह में पिता बिल्कुल ठीक थे। 1230 बजे के आसपास डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
धनबाद, जेएनएन। झरिया निवासी 68 वर्षीय राजेंद्र प्रसाद केसरी की मौत रविवार दोपहर 12.30 बजे एशियन जालान अस्पताल में हो गई। मरीज की मौत के बाद स्वजनों ने जमकर हंगामा किया। स्वजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। हंगामे की सूचना पर स्थानीय पुलिस अस्पताल पहुंची। परिजनों को समझाकर हंगामे को शांत कराया।
क्या है मामला
मृतक के पुत्र मुकेश कुमार केसरी ने बताया कि सप्ताह भर पूर्व मरीज को अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां उनका हार्ट का ऑपरेशन हुआ था। रविवार को डॉक्टरों ने डिस्चार्ज करने को कहा था। सुबह में पिता बिल्कुल ठीक-ठाक थे। दोपहर 12:30 बजे के आसपास डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जबकि इससे पहले डॉक्टर दवा मंगवाते रहे। मौत की सूचना पाकर परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। मुकेश ने बताया कि अभी तक लगभग दो लाख अस्पताल ने ले लिया है।
आए थे डिस्चार्ज कराने, ले जा रहे शव
मुकेश ने बताया कि सुबह में जब डॉक्टर ने कहा कि मरीज को डिस्चार्ज कर दिया जाएगा, तब स्वजन काफी खुश थे। मरीज को लेने के लिए सुबह में अस्पताल पहुंचे। इसके बाद डॉक्टरों ने कहा कि स्थिति गंभीर हो गई है और 12: 30 बजे मृत घोषित कर दिया गया।
मरीज की स्थिति गंभीर थी। उन्हें हृदय रोग से संबंधित परेशानी थी। लापरवाही का कोई मामला नहीं है।
-डॉ. सी राजन, प्रभारी, एशियन जालान अस्पताल