Road Accident: गिरिडीह में सड़क दुर्घटना में बिहार के छपरा के दो लोगों की माैत, पश्चिम बंगाल के दीघा से लाैट रहे थे घर
छपरा के एकमा थाना क्षेत्र के सात युवक बोलेरो से पश्चिम बंगाल के दीघा घाट घूमने गए थे। दीघा घाट घूमने के बाद सभी कोलकाता पहुंचे थे। इसके बाद रविवार की रात कोलकाता से छपरा के लिए निकले थे।
गिरिडीह, जेएनएन। कोलकाता से बिहार के छपरा जा रही एक बोलेरो गिरिडीह जिले के तिसरी थाना अंतर्गत पालमो में सोमवार की अहले सुबह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बोलेरो पर सवार दो युवकों की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। मृतकों में 34 वर्षीय अनुपम सिंह एवं 35 वर्षीय चिंटू पांडेय शामिल हैं। दोनों छपरा जिले के एकमा थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। पांचोंं घायलों का तिसरी सामुदायिक अस्पताल में इलाज चल रहा है। अनुपम सिंह जिम संचालक था और वह एकमा थाना अंतर्गत हारपुर गांव का रहने वाला था जबकि चिंटू पांडेय एकमा थाना के ही छितरवली गांव का रहने वाला था।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि छपरा के एकमा थाना क्षेत्र के सात युवक बोलेरो से पश्चिम बंगाल के दीघा घाट घूमने गए थे। दीघा घाट घूमने के बाद सभी कोलकाता पहुंचे थे। इसके बाद रविवार की रात कोलकाता से छपरा के लिए निकले थे। सुबह करीब चार बजे गिरिडीह-गावां पथ पर पालमो में बोलेरो को पीछे से एक बड़ी गाड़ी ने ठोकर मार दी। इससे बोलेरो पलटी खा गई। बोलेरो सवाल युवकों की चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। तुरंत तिसरी थाना पुलिस को भी सूचना दी गई। स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर पुलिस ने सभी को बोलेरो से बाहर निकाला। मौके पर ही अनुपम सिंह की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से जख्मी चींटू पांडेय को इलाज के लिए गिरिडीह भेजा गया। रास्ते में ही चिंटू पांडेय की मौत हो गई।