आधी रात को घर से निकले बाइक सवार दो युवकों की हाइवा से कुचलकर माैत
हादसे में मृत करमजीत सिंह शास्त्री नगर निवासी सतनाम सिंह के पुत्र थे। जबिक जसवीर सिंह जोड़ा फाटक के गुरुनानकपुरा के रहने वाले जसपाल सिंह के पुत्र।
धनबाद, जेएनएन। शहर में हाइवा का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात भी गोविंदपुर-धनबाद मुख्य सड़क पर बिग बाजार के सामने हाइवा का आतंक बरपा। उसने बाइक सवार दो सिख युवक 23 वर्षीय जसवीर सिंह और 24 वर्षीय करमजीत सिंह को राैंद दिया। दोनों की माैके पर ही माैत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर पड़े दोनों युवकों को देखने के लिए आगे बढ़े विकास गोराई को भी तेज गति से दाैड़ता एक अन्य हाइवा ने चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल विकास पीएमसीएच में जिंदगी और माैत से जूझ रहा है।
भोजन करने के लिए दोनों आधी रात को निकले थे घर सेः हादसे में मृत करमजीत सिंह शास्त्री नगर निवासी सतनाम सिंह के पुत्र थे। जबिक जसवीर सिंह जोड़ा फाटक के गुरुनानकपुरा के रहने वाले जसपाल सिंह के पुत्र। दोनों रविवार की रात 11 बजे भोजन के लिए खालसा होटल गोविंदपुर जाने की बात कह घर से निकले थे। सोमवार तड़के अचानक परिजनों को सूचना मिली कि दोनों का एक्सीडेंट हो गया है। सोमवार सुबह परिजन अस्पताल में पहुंचे तो युवकों का शव पोस्टमार्टम हाउस में मिला।
काफी दूर तक घसीटता रहा हाइवाः बाइक सवार दोनों युवक सरायढेला से गोविंदपुर की तरफ बढ़ रहे थे। नो एंट्री का समय खत्म हुआ था। गोविंदपुर की तरफ से तेजी से आ रहे हाइवा ने बाइक सवार युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। बाइक और दोनों सवार युवक हाइवा के पहिए में फंस गए। हाइवा काफी दूर तक घसीटता रहा।
सिख समाज में शोक की लहरः दोनों युवकों की माैत की खबर मिलते ही धनबाद के गांधीनगर स्थित सिख मोहल्ला गुरुनानकपुरा में शोक की लहर दाैड़ गई।