सब-वे निर्माण में देरी, टेनों का रूट बदलने से यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें, गोमो नहीं गई आसनसोल-बरकाकाना Dhanbad News
धनबाद-रांची रेलमार्ग पर टेनों के अचानक रूट बदलने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। रांची से चंद्रपुरा-गोमो होकर चलने वाली ट्रेनें डीसी रेल लाइन पर चंद्रपुरा-कतरासगढ़ होकर चली।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद-रांची रेलमार्ग पर गोमो से तेलो के बीच लिमिटेड हाइट सब-वे निर्माण के लिए शुक्रवार को सुबह 11:15 से शाम 5:15 तक ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया था। पर देर शाम तक काम पूरा नहीं हो सका। इससे इस रूट पर चलने वाली टेनों को एकाएक डायवर्ट कर दिया गया। रांची से चंद्रपुरा-गोमो होकर चलने वाली ट्रेनें डीसी रेल लाइन पर चंद्रपुरा-कतरासगढ़ होकर चलाई गईं। गोमो से चंद्रपुरा के बजाय टेनें धनबाद आईं, जहां इंजन बदलने के बाद उन्हें कतरासगढ़-चंद्रपुरा रूट से चलाया गया। टेनों के अचानक रूट बदलने से हजारों यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
ब्लॉक के कारण शुक्रवार को बर्धमान से गोमो होकर हटिया जानेवाली पैसेंजर टेन गोमो के बजाय धनबाद से कतरास होकर चली। वापसी में हटिया से बर्धमान इसी रूट से चलाया गया। आसनसोल से बरकाकाना जानेवाली पैसेंजर शुक्रवार की शाम गोमो नहीं गई। इस टेन को धनबाद से डीसी लाइन से चलाया गया।
40 घंटे बाद दुरुस्त हुआ क्षतिग्रस्त पुल, टेनों की आवाजाही शुरू : धनबाद-रांची रेल मार्ग पर तुपकाडीह-राजाबेड़ा के बीच दामोदर नदी पर बने पुल का गार्डर और ट्रैक क्षतिग्रस्त होने के लगभग ४० घंटे के बाद उसे दुरुस्त किया जा सका। गुरुवार की सुबह लगभग सात बजे हुई घटना के बाद शुक्रवार को भी दिनभर रेल पुल पर सिंगल लाइन से ही टेनों का परिचालन हुआ। रात १०:१५ पर पुल के दुरुस्त होने पर दोनों लाइन से टेनों की आवाजाही शुरू हुई। जांच के आदेश दिए गए हैं।
क्या हुआ था : गुरुवार की सुबह तुपकाडीह-राजाबेड़ा रेल पुल से गुजर रही मालगाड़ी के पहिए उछल गए थे। गार्ड ने मामले की सूचना दी। इसके बाद जांच में पाया गया कि पुल पर लगा लोहे का गार्डर टेढ़ा हो चुका है, जिससे ट्रैक भी प्रभावित हो चुकी है। इसके बाद उस लाइन पर टेनों का परिचालन बंद कर दिया गया था।
इन टेनों के बदले गए मार्ग
12802 नई दिल्ली-पुरी पुरुषोत्तम एक्स.
18625 हटिया-पटना एक्सप्रेस
13320 रांची-देवघर इंटरसिटी
12366 पटना-रांची जनशताब्दी एक्स.
12817 हटिया-आनंदविहार स्वर्ण जयंती एक्स.
53523 आसनसोल-बरकाकाना पैसेंजर