कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद दुमदुमी के तीन किमी की परिधि में आवागमन पर रोक, बनाए गए 5 चेक पोस्ट Dhanbad News
कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद गुरुवार को डीसी अमित कुमार ने दुमदुमी गांव का दौरा किया। गांव में कोरोना का प्रसार न हो इसे लेकर तीन किमी की परिधि में आवागमन पर रोक लगा दी गई है।
धनबाद, जेएनएन। जिले के गोविंदपुर प्रखंड के दुमदुमी में कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए जाने के बाद जिला प्रशासन रेस है। गुरुवार को डीसी अमित कुमार ने क्षेत्र का दौरा किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने कंटेनमेंट जोन चिह्नित किया। इसके बाद कोरोना के प्रकोप की रोकथाम व विधि व्यवस्था को लेकर गांव की तीन किमी की परिधि में आवागमन पर रोक लगा दी गई है। इसके लिए पांच चेक पोस्ट बनाकर वहां दंडाधिकारियों के साथ पुलिस की प्रतिनियुक्ति की गई है। तीन पालियों में दंडाधिकारियों की ड्यूटी सुनिश्चित की गई है।
बीडीओ सुशील कुमार राय को नोडल अधिकारी प्रतिनियुक्त किया गया है। इसके साथ ही गोविंदपुर प्रखंड में नियंत्रण कक्ष स्थापित करते हुए वहां भी दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। यह नियंत्रण कक्ष 24 घंटे काम करेगा। जहां लोगों की शिकायतें व सुझाव का त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया गया है। नियंत्रण कक्ष के प्रभार में सीओ वंदना भारती की प्रतिनियुक्ति की गई है। नियंत्रण कक्ष में हेल्पलाइन संख्या 8809747780 कार्यरत रहेगा।
सभी दंडाधिकारियों को अपने वरीय पदाधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए वास्तुस्थिति से अवगत कराने का निर्देश दिया गया है। गोविंदपुर प्रखंड के वरीय प्रभार में पूर्व से प्रतिनियुक्त एनईपी निदेशक इंदु रानी सिंह को भी सभी समन्वय बनाते हुए खासकर विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी के साथ क्षेत्र में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को पहुंचाने का निर्देश दिया गया है।
कंटेनमेंट जोन में 15 दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त : कंटेनमेंट जोन में बनाए गए चेकपोस्ट में 15 दंडाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया है। तीन पालियों में विभिन्न चेकपोस्ट में पांच-पांच दंडाधिकारी मुस्तैद रहेंगे। इसके अलावा नियंत्रण कक्ष में भी तीन पालियों में छ: मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। उनके सहयोग के लिए छ: कर्मचारी को भी तीन पालियों में प्रतिनियुक्त किया गया है।
यहां बनाये गये चेकपोस्ट :
- ग्राम दुमदुमी मुख्य मार्ग अजीम अंसारी के घर के पास।
- ग्राम दुमदुमी के ईदगाह स्थित सुलतान अंसारी के घर के पास।
- ग्राम दुमदुमी के हरिजन टोला खुदिया नदी जाने के मार्ग पर ग्यासुद्दीन अंसारी के घर के पास।
- नीचे टोला उस्मान अंसारी के घर के पास।
- ग्राम दुमदुमी नीचे टोला स्कूल के पास।