भक्तों ही नहीं पर्यटकों को भी आकर्षित कर रहा भुईफोड़
भुईफोड़ मंदिर यूं तो भक्तों के लिए पहले से ही आस्था का केंद्र रहा है मगर यहां के पहाड़ व हरियाली पर्यटकों को भी लुभाती है।
जागरण संवाददाता, धनबाद: धनबाद जिला मुख्यालय से करीब 10 किमी दूर स्थित भुईफोड़ मंदिर यूं तो भक्तों के लिए पहले से ही आस्था का केंद्र रहा है मगर यहां के पहाड़ व हरियाली पर्यटकों को भी लुभाती है। यही कारण है कि सुकून के कुछ पल बिताने के लिए लोग अक्सर यहां सपरिवार आते हैं।
धनबाद ही नहीं, दूसरे जिलों व राज्य से लोग भुईफोड़ मंदिर में माता दुर्गा व अन्य देवी देवताओं की पूजा अर्चना करने पहुंचते हैं। भुईफोड़ मंदिर के अलावा इस स्थल की खासियत धांगी पहाड़ी है। धांगी पहाड़ी की खूबसूरती व हरियाली लोगों को खासा आकर्षित करती है। यह तेजी से पर्यटन स्थन के रूप में उभर रहा है। पर्यटक धांगी पहाड़ी सैर करने पहुंच रहे हैं।
निगम पर्यटन केंद्र के रूप में करेगा विकास: नगर निगम इसे पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने पर विचार कर रहा है। नगर आयुक्त राजीव रंजन की मानें तो भुईफोड़ स्थित धांगी पहाड़ी पर रोपवे लगाया जाएगा जिससे पर्यटक प्राकृतिक छटा का दीदार कर पाएंगे। इसके अलावा बच्चों के लिए मनोरंजन पार्क की व्यवस्था की जाएगी, जिसमें वे खेल पाएंगे।