यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 17, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बेटी की शादी का कार्ड बांटने निकले पिता की सड़क दुर्घटना में माैत, मातम में बदली खुशियां Dhanbad News
सपन धीवर की बड़ी बेटी की शादी भूली में तय हुई थी। 1 मार्च को उसकी शादी होने वाली थी। पूरा परिवार शादी की तैयारी में लगा था। अचानक हुई घटना के कारण शादी की तैयारी मातम में बदल गई।

तोपचांची, जेएनएन। तोपचांची थाना क्षेत्र के कतरी जोरिया के पास अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे गिरने के कारण चंदनकियारी निवासी कालीपद धीवर के 36 वर्षीय पुत्र सपन धीवर की दर्दनाक मौत हो गई। सपन धीवर तोपचांची के एक राशन दुकान में काम करता था और पूरे परिवार के साथ तोपचांची में ही किराए की मकान में रहता था। मृतक की बड़ी बेटी की विवाह 1 मार्च को होने वाला था। इसी को लेकर वह बुधवार को शादी का कार्ड बांटने के लिए तातरी गांव के तरफ मोटरसाइकिल से निकला।
बाइक समेत पुलिया से 10 फीट नीचे गिरने से हो गई माैत
सपना तातरी जोरिया के पास से गुजर रहा था। बाइक ड्राइव कर रहा था। अनियंत्रित होकर वह मोटरसाइकिल समेत 10 फीट नीचे जा गिरा। उसका सिर पत्थर से टकरा गया जिस कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कागजी कार्रवाई कर उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए धनाबद भेज दिया। सपन की मौत की खबर मिलने के बाद उसकी पत्नी, बेटी और परिवार के अन्य सदस्य दहाड़ मार-मार कर रोने लगे। जिसे देख वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
शादी की तैयारी मातम में बदल गई
मृतक की बड़ी बेटी की शादी भूली में तय हुई थी और 1 मार्च को उसकी शादी होने वाली थी। जिसकी तैयारी में पूरा परिवार लगा हुआ था। लेकिन अचानक हुई घटना के कारण शादी की तैयारी मातम में बदल गई। मृतक अपने परिवार का एकमात्र कामाऊ सदस्य था। वह अपने पीछे 5 पुत्री समेत अपनी पत्नी को छोड़ गया है। उसकी असमय मौत से पूरे परिवार के सामने बड़ी विपदा आन पड़ी है।