Top Dhanbad News of the day, Wed, 6th Nov, 2019, दुष्कर्म की कोशिश, हाईटेक बाजार व शौचालय निर्माण का विरोध, डिरेल होने से बची नई राजधानी, कपड़ा मंडी में आग, झरिया-बलियापुर सड़क
बहू से ससुर ने किया दुष्कर्म की कोशिश। हाईटेक बाजार व शौचालय निर्माण का विरोध। नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी डिरेल होने से बची। कपड़ा मंडी में लगी आग। झरिया-बलियापुर सड़क जर्जर।
धनबाद, जेएनएन। पुत्रवधू ने अपने ससुर पर दुष्कर्म करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। हाईटेक बाजार एवं शौचालय निर्माण कार्य का स्थानीय लोगों ने विरोध किया है। नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस बुधवार को डिरेल होने से बच गई। हीरापुर कपड़ा मंडी में आग लगने से करीब दस लाख का कपड़ा जनकर राख हो गया। झरिया-बलियापुर मुख्य मार्ग जर्जर हो चुकी है।
घर में पुत्रवधू को अकेली पाकर ससुर ने की घिनौनी हरकत
शहर के बरमसिया निवासी महिला ने अपने ससुर पर दुष्कर्म करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। महिला ने बुधवार को धनबाद महिला थाना में ससुर के खिलाफ लिखित शिकायत दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डिरेल होने से बची नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस
नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस बुधवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गई। राजधानी को जिस पटरी से गुजरना था, वह टूट गई थी। शंट मैन और लिवर मैन द्वारा इसकी सूचना नेताजी सुभाष चंद्र बोस गोमो स्टेशन मास्टर को दी गई। इसके बाद राजधानी एक्सप्रेस को रोकवा दिया गया। पटरी मरम्मत करने के बाद राजधानी हावड़ा के लिए रवाना हुई।
हाईटेक बाजार एवं शौचालय निर्माण का विरोध
नगर निगम की ओर से सिंदरी अंचल के वार्ड-53 में बनाए जा रहे हाईटेक बाजार एवं शौचालय निर्माण कार्य का स्थानीय लोगों ने विरोध किया है। स्थानीय लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल से मिला एवं निर्माण अविलंब रुकवाने की मांग की। मेयर ने आचार संहिता का हवाला देते हुए इस विषय पर नगर आयुक्त से मिलकर अपनी बात रखने का सुझाव दिया।
हीरापुर कपड़ा मंडी में भड़की आग
शहर के हीरापुर स्थित कपड़ा मंडी में बुधवार सुबह आग भड़क गई। देखते ही देखते राजा पकड़ा दुकान पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। करीब दस लाख रुपये का कपड़ा जलकर राख हो गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने पहुंचकर आग पर काबू किया।
हादसे को न्यौता देती बलियापुर-झरिया सड़क
पं बंगाल को जोडने वाली झरिया-बलियापुर मुख्य मार्ग जर्जर हो चुकी है। सड़क पर रात-दिन दुपहिया व चार पहिया वाहन चलते हैं। कोलियरी में ड्यूटी करने वाले कर्मियों का भी इसी सड़क से आना-जाना होता है। सड़क पर यात्री वाहनों के अलावा हमेशा कोयला लदे वाहन भी चलते हैं। ऐसे में जर्जर सड़क पर दुर्घटना की संभावना हमेशा बनी रहती है।