Move to Jagran APP

Top Dhanbad News of the day, Mon, 2 September, 2019, मतदाता बनने का आया माैका, बालू लदे एक दर्जन वाहन जब्त, दिवंगत न्यायाधीश को श्रद्धांजलि, एडीएम अनिल कुमार, दिवाली में रेल का सफर

धनबाद में मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य शुरू। खनन टास्क फोर्स ने छापा मार एक दर्जन बालू लदे वाहनों को जब्त किया। हाई कोर्ट के दिवंगत न्यायाधीश को दी गई श्रद्धांजलि। एडीएम अनिल।

By MritunjayEdited By: Published: Mon, 02 Sep 2019 06:09 PM (IST)Updated: Mon, 02 Sep 2019 06:09 PM (IST)
Top Dhanbad News of the day, Mon, 2 September, 2019, मतदाता बनने का आया माैका, बालू लदे एक दर्जन वाहन जब्त, दिवंगत न्यायाधीश को श्रद्धांजलि, एडीएम अनिल कुमार, दिवाली में रेल का सफर

धनबाद, जेएनएन। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर सोमवार को धनबाद समेत झारखंड के सभी जिलों में मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य शुरू हुआ। खनन टास्क फोर्स ने छापा मार एक दर्जन बालू लदे वाहनों को जब्त किया है। झारखंड हाई कोर्ट के दिवंगत मुख्य कार्यवाहक न्यायाधीश प्रशांत कुमार ने सम्मान में धनबाद के अधिवक्ताओं ने खुद को न्यायिक कार्य से अलग रखा। नए एडीएम विधि व्यवस्था अनिल कुमार ने पदभार ग्रहण किया। दिवाली-छठ के दाैरान रेल यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

loksabha election banner

झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने का अंतिम माैका

भारत निर्वाचन आयोग की तरफ से सोमवार को झारखंड में मतदाता पुनरीक्षण का काम शुरू हुआ। यह काम 2 सितंबर से 17 सितंबर तक चलेगा। इस दाैरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम विलोपित करने, पता बदलने और त्रुटियों में सुधार के कार्य किए जाएंगे। वैसे युवा-युवती जिनकी उम्र 18 वर्ष हो गई है, उनके लिए मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले यह अंतिम माैका है।  8 और 15 सिंतबर को मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा जिसमें बीएलओ मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए प्रपत्र प्राप्त करेंगे। मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का शुभारंभ धनबाद प्रखंड में प्रखंड विकास पदाधिकारी उदय रजक ने किया। उन्होंने धनबाद विधानसभा संख्या- 40  के मतदान केन्द्राें पर मतदाता सूची का प्रकाशन किया किया। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालय में भी मतदाता सुची का प्रकाशन किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयाेग के आदेश के आलाेक में आसन्न विघानसभा चुनाव के मद्देनजर मतदाता सूची का संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम किया जा रहा है।

खनन टास्क फोर्स ने बालू लदे एक दर्जन वाहनों को किया जब्त

उपायुक्त सह जिला खनन टास्क फोर्स के अध्यक्ष अमित कुमार के निर्देश पर रविवार देर रात टास्क फोर्स ने जोगितोपा-सिजुआ मार्ग, कांशीटाड़, निरसा में छापा मारा। इस दाैरान बिना परिवहन चालान के बालू की ढुलाई करते हुए 6 ट्रक, 2 हाइवा एवं 5 ट्रेक्टरों को जब्त किया गया। जिला खनन पदाधिकारी निशांत कुमार ने बताया कि 1 सितंबर 2019 की रात जिला खनन पदाधिकारी, धनबाद, अंचल अधिकारी निरसा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, निरसा एवं थाना प्रभारी, निरसा की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी करते हुए जोगितोपा-सिजुआ मार्ग, कांशीटाड़, निरसा से बिना परिवहन चालान के बालू की ढुलाई करते हुए 6 ट्रक, 2 हाइवा एवं 5 ट्रेक्टरों को जब्त किया। जब्त किए गए वाहनों, चालकों के विरूद्ध खनन अधिनियम एवं नियमावली के तहत जिला खनन पदाधिकारी द्वारा निरसा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

हाई कोर्ट के दिवंगत न्यायाधीश के सम्मान में अधिवक्ताओं ने नहीं किया न्यायिक कार्य

झारखंड उच्च न्यायालय के दिवंगत कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश प्रशांत कुमार को श्रद्धांजलि देने के लिए धनबाद बार एसोसिएन के आह्वान पर सोमवार को अधिवक्ताओं ने अपने को न्यायिक कार्य से अलग रखा। रोजाना की तरह सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ता धनबाद कोर्ट परिसर पहुंचे। लेकिन, न्यायिक कार्य से अपने को अलग रखा। इस दाैरान शोक सभा कर दिवंगत प्रशांत कुमार को श्रद्धा-सुमन अर्पित किया गया। 30 अगस्त को झारखंड उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश प्रशांत कुमार का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। उनके सम्मान में बार काउंसिल ने झारखंड में अधिवक्ताओं से एक दिन न्यायिक कार्य से अलग रहने का आह्वान किया था। इसके बाद धनबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी की अपील पर अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से अपने को अलग रखा।

नए एडीएम विधि-व्यवस्था अनिल कुमार कार्यभार संभाला

धनबाद के नए अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) अनिल कुमार ने कार्यभार संभाल लिया है। कुमार ने सोमवार को राकेश कुमार दुबे से पदभार ग्रहण किया। झारखंड सरकार ने 31 अगस्त को 76 राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का स्थनांतरण किया था। चतरा के डीआरडीए निदेशक अनिल कुमार को धनबाद और धनबाद के अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राकेश कुमार दुबे का गिरिडीह स्थानांतरण कर दिया गया था। दुबे को गिरिडीह का अपर समाहर्ता बनाया गया है। धनबाद समाहरणालय में सोमवार को अनिल कुमार और राकेश दुबे के बीच कार्य का आदान-प्रदान हुआ। इस माैके पर कार्यालय के कर्मचारियों ने नए एडीएम का स्वागत किया। साथ ही दुबे को विदाई दी।

दिवाली-छठ में मुश्किल होगा ट्रेनों में सफर, कई ट्रेनें रद

दिवाली और छठ के दौरान उत्तर प्रदेश और दिल्ली की ट्रेनों में सफर करना मुश्किलों भरा हो सकता है। टूंडला जंक्शन पर सुधार कार्य कराने के लिए 10 ट्रेनों का रूट बदलने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही कई ट्रेनों को अलग अलग दिनों में रद भी किया जाएगा। 12987 सियालदह-अजमेर आठ से 19 सितंबर, 12988 अजमेर-सियालदह नौ से 19 सितंबर, 22857 संतरागाछी-आनंद विहार 30 सितंबर, सात व 14 को बदले रूट से चलेंगी।

18631 रांची-अजमेर 12, 19, 26 सितंबर, तीन, 10 व 17 अक्टूबर, 12815 पुरी-आनंद विहार टर्मिनस 19 अक्टूबर, 12816 आनंद विहार टर्मिनस-पुरी 20 अक्टूबर, 12876 आनंद विहार टर्मिनस-पुरी 20 अक्टूबर, 12875 पुरी-आनंद विहार टर्मिनस 18 अक्टूबर, 12312 कालका-हावड़ा 19 अक्टूबर, 12311 हावड़ा-कालका 19 अक्टूबर को रद रहेगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.