Top Dhanbad News of the day, 26 th June 2019, बैंक में चोरी, रामधीर सिंह, लालबाबू सिंह, विनीत सिंह, एमबीबीएस सिलेबस
बैंक ऑफ इंडिया आमाघाटा शाखा में चोरी। रामधीर सिंह की जमानत याचिका खारिज। लालबाबू सिंह को मिली जमानत। बाहुबली विनीत सिंह की धनबाद पर नजर। MBBS के सिलबेस में बदलाव।
धनबाद, जेएनएन। बैंक ऑफ इंडिया के आमघाटा शाखा से कैश की चोरी में विफल चोरों ने सिक्कों पर हाथ साफ किया। विनोद सिंह हत्याकांड में सजा काट रहे बाहुबली रामधीर सिंह को हाई कोर्ट ने जमानत देने से किया इन्कार। बहुचर्चित ठेकेदार लालबाबू सिंह को मिली हाई कोर्ट से जमानत। यूपी के बाहुबली विनीत सिंह की धनबाद कोयलांचल पर नजर। मेडिकल की पढ़ाई करने वाले छात्र अब पहले दिन से ही मजीरों को देख सकेंगे।
बैंक ऑफ इंडिया की आमाघाटा शाखा में चोरी
बैंक ऑफ इंडिया की आमाघाटा शाखा में मंगलवार की रात चोरी हुई। बैंक का दरवाजा तोड़कर चोर अंदर पहुंचे। वे स्ट्रांग रूम के अंदर तक पहुंच गए। हांलाकि कैश वोल्ट तोड़ने में सफलता नहीं मिली जिससे कैश चोरी होने से बच गई। स्ट्रांग रूम के अंदर करीब दस लाख रुपये के सिक्के रखे हुए थे। जाते समय चोर कुछ सिक्के अपने साथ ले गए। सूचना मिलते ही बुधवार सुबह गोविंदपुर थाना की पुलिस पहुंची। पुलिस की उपस्थिति में सिक्कों की गिनती की जा रही है ताकि पता चल सके कि कितने की चोरी हुई है।
जनता मजदूर संघ के महामंत्री रामधीर सिंह को झटका
विनोद सिंह हत्याकांड में होटवार जेल के अंदर सजा काट रहे जनता मजदूर संघ (कुंती गुट) के महामंत्री रामधीर सिंह को झटका लगा है। हाई कोर्ट रांची ने बुधवार को जमानत देने से इन्कार कर दिया। न्यायधीश अपरेश कुमार सिंह और न्यायाधीश केपी देव ने रामधीर सिंह की जमानत याचिका पर सुनवाई की। विनोद सिंह को 34 और उनके चालक मन्नू अंसारी को 13 गोली मारी गई थी। क्रूरतम हत्याकांड बताते हुए कोर्ट से जमानत याचिका खारिज कर दी। रामधीर सिंह झरिया के विधायक संजीव सिंह के चाचा हैं।
दो माह बाद खुली हवा में सांस लेंगे लालबाबू सिंह
बहुचर्चित ठेकेदार लालबाबू सिंह को हाई कोर्ट रांची ने मंगलवार को जमानत दे दी। भौंरा गोलीकांड के बाद सिंह 30 अप्रैल से धनबाद जेल में बंद हैं। गोलीकांड के बाद पुलिस लालबाबू और उनके भाई कुंभनाथ सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हाई कोर्ट से तीन दिन पहले कुंभनाथ को जमानत मिली थी। अब उनके भाई को भी मिल गई है। हाई कोर्ट का आदेश धनबाद पहुंचने के बाद लालबाबू जेल से निकलेंगे।
बाहुबली विनीत सिंह की एंट्री से कोयलांचल में हलचल
भाजपा का दामन थामने के बाद यूपी के बाहुबली विनीत सिंह ने धनबाद कोयलांचल में दस्तक दी है। धनबाद की धरती पर उनके कदम पड़ने भर से कोयले के धंधे को नियंत्रित करने वाले यूपी, बिहार और झारखंड के तमाम बाहुबली सकते में आ गए हैं। चंदाैली निवासी विनीत मंगलवार को मैथन में भाजपा नेता विनय सिंह के यहां बर्थडे पार्टी में शरीक होने आए थे। चर्चा है कि उन्होंने धनबाद शहर के एक होटल में कई कोयला व्यवसायियों के साथ बैठक की। कोयले के कारोबार को प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से माफिया डॉन बृजेश सिंह और मुख्तार अंसारी नियंत्रित करते रहे हैं। विनीत के धनबाद में सक्रियता को कोयले के कारोबार में बृजेश और मुख्तार की तरह एंट्री के रूप में देखा जा रहा है।
अब पहले दिन से मरीज को देख सकेंगे मेडिकल के स्टूडेंट्स
17 साल बाद MBBS के सिलेबस में बदलाव हुआ है। यह बदला हुआ सिलेबल शुरू होने जा रहे सत्र से ही लागू हो रहा है। इसके तहत मेडिकल की पढ़ाई करने वाले पीएमसीएच के छात्रों को अब पहले दिन से ही मरीज को देखने की इजाजत मिलेगी। साढ़े चार वर्ष के इस कोर्स में पहले मेडिकल स्टूडेंट्स को मरीज को देखने के लिए लगभग ढाई माह का समय लगता था। पीएमसीएच में सत्र 2019-20 जुलाई से नामांकन होना है। नये सिलेबस के अनुसार प्रबंधन ने पढाई के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। पीएमसीएच के शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए रिम्स रांची भेजा गया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप