Top Dhanbad News of the Day, 20th May 2020, खुलीं शराब की दुकानें, विरोध में उतरा BMS, किराया वसूली, पूर्व झरिया विधायक, ढुलू को जमानत
बंगाल की खाड़ी में आए एम्फन चक्रवात का असर दिखने लगा है। धनबद में तेज हवाओं के साथ थम-थमकर बारिश हो रही है। दो दिन पहले 39-40 डिग्री तक पहुंचा अधिकतम तापमान 26 पर है।
धनबाद, जेएनएन। लॉकडाउन-04 के दौरान बुधवार को 58 दिन बाद कोयलांचल में शराब की दुकानें खुल गई। कोयला के कमर्शियल माइनिंग के विरोध में अब भारतीय मजदूर संघ खड़ा हो गया है। राजनीति के बाद भी श्रमिक स्पेशल ट्रेन से लौट रहे प्रवासी मजदूरों को राहत नहीं मिली है। जेल में बंद पूर्व झरिया विधायक संजीव सिंह ने बुधवार को अपने परिजनों वीडियो संवाद कर उनका व क्षेत्र का हाल जाना। कोयला कारोबारी पर जानलेवा हमला मामले में भाजपा विधायक ढुलू को जमानत मिली।
58 दिन बाद खुली बंद शराब की दुकानें : लॉकडाउन के कारण झारखंड में 24 मई से बंद शराब की दुकानें बुधवार सुबह सात बजे खुल गई। दुकान खुलने के समय से पहले ही ग्राहकों की लाइन लग गई थी। सुबह-सुबह दूध की खरीदारी का समय होता है। इस समय कोयलांचल में शराब की खरीदारी के लिए अफरातफरी दिखी। बोकारो में सुबह सात बजे से दुकानों में शराब की बिक्री शुरू हो गई। हालांकि, धनबाद में बिक्री थोड़ी देर से शुरू हुई। पहले पुलिस ने स्टॉक की जांच की। इसके बाद बिक्री शुरू हुई।
केंद्र के फैसले के खिलाफ खड़ा हुआ भारतीय मजदूर संघ : केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार है। भाजपा को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की राजनीतिक शाखा मानी जाती है। इसके बावजूद संघ का मजदूर संगठन भारतीय मजदूर संघ आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत कमर्शियल माइनिंग के विरोध में झंडा उठा लिया है। इसे लेकर मजदूर संघ ने बुधवार को बीसीसीएल की कोलियरियों में धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया है। मजदूर संगठन कोल इंडिया का निजीकरण करने का आरोप लगाते हुए सरकार के फैसले का विरोध कर रहे हैं।
राजनीति के बाद भी राहत नहीं, 11.54 लाख चुका कर सूरत से पहुंचे प्रवासी : लॉकडाउन में फंसे प्रवासी मजदूरों से श्रमिक स्पेशल ट्रेनों से घर वापसी के दाैरान किराया वसूली को लेकर खूब राजनीति हुई। विपक्ष ने केंद्र सरकार और रेलवे पर हमला किया। रेलवे ने सफाई दी कि यात्रियों से किराया नहीं लिया जा रहा है। इसके बावजूद प्रवासी मजदूरों को राहत नहीं मिली है। बुधवार को सूरत से धनबाद आई श्रमिक स्पेशल ट्रेन के मजदूरों से भी रेल किराया वसूला गया। मजदूरों ने बताया कि हर श्रमिक से किराए के तौर पर 715 रुपये लिए गए। यानी 1614 मजदूरों से 11 लाख 54 हजार रुपये वसूला गया।
जेल में बंद पूर्व झरिया विधायक ने परिजनों से किया वीडियो संवाद : राज्य सरकार की अनुमति के बाद जेल प्रशासन ने पूर्व झरिया विधायक संजीव सिंह की उनके परिजनों से वीडियो संवाद कराया। बुधवार को दिन में 12:00 से 1:00 बजे के बीच सिंह मेंशन से यह संवाद स्थापित किया गया। संजीव ने सबसे पहले अपनी मां व पूर्व झरिया विधायक कुंती सिंह बात की और सभी का हाल जाना। इस दौरान मां कुंती काफी भावुक दिखीं। इसके बाद उन्होंने पत्नी रागिनी सिंह से बात की और झरिया की समस्याओं से अवगत हुए। रागिनी ने बताया कि घर परिवार से अधिक वे झरिया के लोगों को लेकर चिंतित दिखें।
कोयला कारोबारी पर हमला मामला में विधायक ढुलू को जमानत : जेल में बंद भाजपा के बाहुबली विधायक ढुलू महतो मुकदमों के जाल से निकलने के लिए लगातार कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। इस लड़ाई में किसी दिन राहत मिल रही है तो किसी दिन झटका। विधायक को एक और मामले में राहत मिली है। कोयला कारोबारी जगदीश कुमार राय और उनके चालक पर जानलेवा हमला के मामले में धनबाद कोर्ट से जमानत मिल गई है। ढुलू पर दस मामले थे। विधायक एक-एक कर सभी मामलों में जमानत के लिए धनबाद कोर्ट में अर्जी लगा रहे हैं। दो में जमानत मिल गई है।