Top Dhanbad News of the day, 18th June 2019, मेयर को राहत, मुन्ना बजरंगी का कारोबार, नक्सली, सीएम जनसंवाद, तबादला नीति
धनबाद कोर्ट ने मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल पर लगे घोटाले के आरोप को खारिज कर दिया है। शूटर रिंकू सिंह के अनुसार रंजय की हत्या का बदला था नीरज की हत्या। नक्सलियों तक पहुंच रहा विस्फोटक।
धनबाद, जेएनएन। Top Dhanbad News of the day 18 th June 2019. मंगलवार शाम पांच बजे तक की धनबाद की टॉप 5 खबरें। अदालत से धनबाद नगर निगम के मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल को कथित एलईडी घोटाले में से बड़ी राहत मिली है। नीरज हत्याकांड में रिमांड पर लिए गए शूटर रिंकू सिंह ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि विस्फोटक फैक्ट्रियों से नक्सिलयों तक विस्फोटक पदार्थ पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री जनसंवाद कार्यक्रम में धनबाद की स्थिति ठीक नहीं है। रेलवे की तबादला नीति पर कर्मचारियों की पत्नियों ने सवाल उठाते हुए धनबाद रेल मंडल प्रबंधक कार्यालय में प्रदर्शन किया है। अब खबरें विस्तार से-
एलईडी घोटाले में धनबाद नगर निगम के मेयर को राहत
धनबाद नगर निगम क्षेत्र में एलईडी स्ट्रीट लाइटों के अधिष्ठापन में कथित रूप से घोटाले के आरोपों से घिरे मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल समेत धनबाद नगर निगम के अधिकारियों को राहत मिली है। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी धनबाद की अदालत ने सुनवाई के बाद मंगलवार को मामले को खारिज कर दिया। निगम के पार्षद निर्मल मुखर्जी ने मेयर समेत निगम के अधिकारियों पर करोड़ों का घोटाला करने का आरोप लगाते हुए शिकायतवाद दर्ज कराई थी।
मुन्ना बजरंगी के कोयले का कारोबार संभालता था रंजय
बहुचर्चित नीरज सिंह हत्याकांड में रिमांड पर लिए गए उत्तर प्रदेश के शूटर रिंकू सिंह ने सनसनीखेज खुलासा किया है। उसने धनबाद पुलिस को पूछताछ में बताया है कि कुख्यात शूटर मुन्ना बजरंगी (अब दिवंगत) के कोयले का कारोबार झरिया के विधायक संजीव सिंह का खासमखास रंजय सिंह देखता था। रंजय की हत्या का बदला लेने के लिए ही नीरज सिंह की हत्या की गई। इस खुलासे के बाद नीरज हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है।
फैक्ट्रियों से नक्सलियों तक पहुंच रहा विस्फोटक पदार्थ
नक्सलियों और राष्ट्रविरोधी ताकतों तक विस्फोटक पदार्थ आसानी से पहुंच रहा है। फैक्ट्रियों से परिवहन के दाैरान कतिपय वाहन मालिक, चालक और खलासी साठगांठ कर नक्सलियों को विस्फोटक पदार्थ बेच देते हैं। इसका खुलासा धनबाद पुलिस ने किया है। हरिहरपुर पुलिस ने 15 जून को विस्फोटक लदा एक वाहन पकड़ा। वाहन प. बंगाल के आसनसोल से बिहार के शेखपुरा जा रहा था। जांच में वाहन पर चालान में अंकित विस्फोटक से कम पाया गया। इस मामले में मालिक, चालक और खलासी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री जनसंवाद कार्यक्रम में धनबाद 12 वें नंबर पर
मुख्यमंत्री जनसंवाद के तहत प्राप्त होने वाली जनता की शिकायतों के निष्पादन में धनबाद की स्थिति अच्छी नहीं है। झारखंड के 24 जिलों में धनबाद 12 वें नंबर पर है। अब तक धनबाद जिले से 25494 शिकायतें प्राप्त हुई हैं जिनमें 18519 का निष्पादन हो चुका है। लंबित मामलों की संख्या 6975 है। झारखंड के मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील कुमार वर्णवाल ने मंगलवार को समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के निष्पादन पर जोर दिया।
रेलवे की तबादला नीति पर कर्मचारियों की पत्नियों ने उठाया सवाल
उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में काम कर रहे धनबाद रेल मंडल के कर्मचारियों की पत्नियों ने रेलवे की तबादला नीति पर सवाल उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि यूनियन की पैरवी वालों का उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र से सामान्य और शहरी क्षेत्रों में तबादला कर दिया जाता है। जिनके पास पैरवी नहीं है वे वर्षों से उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र में ड्यूटी करने को मजबूर हैं। कर्मचारियों की पत्नियों ने मंगलवार को धनबाद रेल मंडल कार्यालय का घेराव किया। उन्होंने रेल मंडल प्रबंधक के नाम मांग पत्र भी साैंपा।
ताजातरीन और महत्वपूर्ण खबरों के बारे में जानने के लिए बने रहिए हमारे साथ।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप