Top Dhanbad News of the day, Wed, 15 January 2020, सीएम की पहल, सर्व धर्म सामूहिक शादी, मकर संक्रांति, आजसू का भविष्य नहीं, सुराग तलाश रही पुलिस
जयप्रकाश का शव लाने को सीएम ने पहल की। एक साथ 109 जोड़ें की शादी हुई। मकर संक्रांति का पर्व। आजसू का कोई राजनीतिक भविष्य नहीं। पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला।
धनबाद, जेएनएन। सिंदरी के जयप्रकाश का शव सऊदी से लाने को लेकर सीएम हेमंत सोरेन ने पहल की है। सर्व धर्म सामूहिक विवाह समारोह में 109 जोड़ें नए जीवन के परिणय सूत्र में बंध गए। कोयलांचल में बुधवार को मकर संक्रांति का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राजकिशोर महतो ने कहा कि आजसू का कोई राजनीतिक भविष्य नहीं है। सुगिया देवी हत्याकांड मामले के 24 घंटे बाद भी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है।
सिंदरी के जयप्रकाश का शव सऊदी से लाने की CM हेमंत ने की पहल
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सिंदरी के जय प्रकाश महतो का शव सऊदी अरब से लाने के लिए भारत सरकार से त्वरित पहल करने की मांग की। ताकि एक मां अपने बेटे का, एक पत्नी अपने पति का, एक बहन अपने भाई का अंतिम दर्शन कर सके। मुख्यमंत्री ने सऊदी अरब के अबुधाबी स्थित भारत दूतावास, विदेश मंत्रालय और विदेश मंत्री डॉ एस. जयशंकर से आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि झारखंड सरकार की ओर से धनबाद के उपायुक्त द्वारा शव को भारत लाने के लिए विदेश मंत्रालय स्तर पर सभी जरूरी कागजात सहित अन्य आवश्यक कार्रवाई की गई है।
नव जीवन के धागे में बंधे 109 जोड़े
सर्व धर्म सामूहिक विवाह सभा के तहत बुधवार को शहर के गोल्फ मैदान में 109 जोड़ें नए जीवन के परिणय सूत्र में बंध गए। इन्हें आशीर्वाद देने के लिए पूरा धनबाद उमड़ पड़ा था। बैंड, बाजा के साथ पूरे धूमधाम से बरात निकाली गई तथा धार्मिक रीति रिवाज से विवाह संपन्न कराया गया। इसमें 96 जोड़ा हिंदू, छ: इसाई, पांच मुस्लिम और दो जोड़े सिख धर्म के थे।
मोदी-योगी के साथ आसमान में उड़े पबजी
कोयलांचल में बुधवार को मकर संक्रांति का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से लेकर शाम तक आसमान में रंग-बिरंगी पतंगें इठलाती नजर आये। गली-मुहल्लों में युवा पेंच लड़ाते व म्यूजिक प्लेयर एवं स्पीकर के जरिए धूम मचाते नजर आये। संक्रांति पर पतंग उड़ाने का भी खूब चलन है। ऐसे में शहर के बच्चे, महिलाएं व युवा पतंगबाजी करते देखे गये। युवा वर्ग मोदी-योगी प्रिंट वाले पतंग उडाते देखे गए, वहीं बच्चे पबजी गेम आसमान में उडाते नजर आये।
हार से आहत राजकिशोर ने कहा- AJSU का कोई राजनीतिक भविष्य नहीं
झारखंड में कुर्मियों के सबसे बड़े नेता रहे झामुमो के संस्थापकों में से एक विनोद बिहारी महतो के पुत्र राजकिशोर महतो ने विधानसभा चुनाव में हार के बाद आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि झारखंड में आजसू का कोई राजनीतिक भविष्य नहीं है। 2014 के विधानसभा चुनाव में आजसू पार्टी के टिकट पर राज किशोर महतो ने टुंडी से विधानसभा चुनाव जीता था। इस बार भी आजसू के टिकट पर टुंडी से चुनाव लड़े और हार गए। राज किशोर महतो को लगता है कि आजसू के लोगों के भितरघात के कारण वे टुंडी से चुनाव हारे हैं। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पर उन्होंने तंज कसा, 'खाता न बही जो सुदेश कहे वही सही।'
हत्यारों तक पहुंचने के लिए कॉल डिटेल्स का सहारा
सुगिया देवी हत्याकांड मामले के 24 घंटे बाद भी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस ने मंगलवार को इस मामले में मृतका के परिजनों से पूछताछ की। भूली ओपी प्रभारी चंदन कुमार मंगलवार को बीएल कॉलोनी पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। ओपी प्रभारी ने घटनास्थल के पास जंगल झाड़ियों के भी खाक छाने, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। इसके बाद शाम को डीएसपी मुकेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से मिलकर घटना से संबंधित जानकारी ली। डीएसपी ने इस केस में जब्त किए गए मोबाइल डिटेल के अनुसार परिजनों से कुछ नंबर के बारे में जानकारी प्राप्त की।