निश्चिंत रहिए, इस गर्मी धनबाद को नहीं झेलना पड़ेगा जलसंकट, मैथन में पिछले साल से अधिक पानी
धनबाद शहर की साढ़े चार लाख की आबादी और चिरकुंडा नगर परिषद व एग्यारकुंड प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों की एक लाख से अधिक आबादी पूरी तरह से मैथन डैम से होनेवाली जलापूर्ति पर निर्भर है। यहां पानी पानी कम होने पर लोगों के माथे से टपकने लगता है।
जागरण संवाददाता, मैथन: गर्मी आते ही इसका असर विभिन्न इलाकों में जलसंकट के रूप में नजर आने लगा है। जलसंकट बढ़ने की खबर से ही लोगों को चिंता सताने लगी है कि अभी पूरी गर्मी बाकी है। आगे जलसंकट गहराया तो जाने क्या होगा।
हालांकि अच्छी खबर यह है कि इस बार गर्मी में पानी के लिए न तो परेशान होने और न ही भटकने की जरूरत है। धनबाद शहर की साढ़े चार लाख की आबादी और चिरकुंडा नगर परिषद व एग्यारकुंड प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों की एक लाख से अधिक आबादी पूरी तरह से मैथन डैम से होनेवाली जलापूर्ति पर निर्भर है। यहां पानी पानी कम होने पर लोगों के माथे से टपकने लगता है, लेकिन इस बार धनबाद शहर के साथ चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र के लोगों के लिए राहत की बात है कि पंचेत डैम में वर्तमान में भरपूर पानी है। इस कारण लोगों को इस गर्मी में मैथन डैम से जलापूर्ति के संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा।
मैथन डैम में अभी 474 फीट जल स्तर है। पिछले साल से पानी का लेबल 4 फीट अधिक है। आमतौर पर 435 फीट से नीचे जलस्तर जाने पर पानी का संकट आता है। जून महीने में माॅनसून प्रवेश कर जाता है, इसलिए जलस्तर जून मध्य तक अधिक नीचे नहीं जाएगा। इस कारण मैथन जलापूर्ति से जुड़े क्षेत्रों में इस गर्मी में नियमित जलापूर्ति होती रहेगी।
पिछ्ले साल अच्छी बारिश से डैम का जलस्तर अच्छा: पिछले साल मॉनसून अच्छा रहा था। इसी का नतीजा है कि मैथन और पंचेत डैम का जलस्तर इस बार बेहतर बना हुआ है। 2 साल पहले खराब मानसून के कारण वर्ष 2019 शहर को जल संकट का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार वैसी नौबत नहीं आएगी। डैम से जलापूर्ति के लिए पानी का लेवल पर्याप्त है।
इस संबंध में पेयजल विभाग के एसडीओ राहुल प्रियदर्शी ने बताया कि मैथन डैम में पानी का स्तर इस बार पिछले साल से बेहतर है। गर्मी में डैम से धनबाद शहर को जलापूर्ति में परेशानी नहीं आएगी। नियमित रूप से जलापूर्ति की जा रही है।
इस समय पानी का लेवल
मैथन डैम : 474.02 फीट
पंचेत डैम : 405.33 फीट
पिछले साल इस समय पानी का लेबल मैथन डैम : 470. 22 फीट
पंचेत डैम : 401.33 फीट