Jharkhand : पुलिस हिरासत में बीमार हुए चाय दुकानदार की रिम्स में मौत, बेटी ने कहा- वर्दीवालों ने हमे अनाथ कर दिया
ठाकुर सिंह दुर्गापुर पंचायत के रांगामाटी चौक पर चाय पकौड़े की दुकान चलाता था। यहां पुलिस वालों ने उसे शराब बेचने के आरोप में पकड़ा था। हालांकि पत्नी ने इस बात से साफ इन्कार किया है।
धनबाद, जेएनएन। पुलिस हिरासत में अस्पताल में भर्ती कराए गए चाय दुकानदार ठाकुर सिंह की रविवार की शाम 4 बजे रिम्स में मौत हो गई। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद उसका शव कसमार भेजा जाएगा। यह जानकारी ठाकुर सिंह की पत्नी फागुनी देवी ने दी। ठाकुर सिंह बोकारो जिले के कसमार थाना क्षेत्र के दुर्गापुर पंचायत के रांगामाटी चौक पर चाय पकौड़े की दुकान चलाता था। यहां पुलिस वालों ने उसे शराब बेचने के आरोप में पकड़ा था। हालांकि पत्नी ने शराब बेचे जाने की बात से साफ इन्कार किया है।
12 दिन पूर्व हुआ था पुलिस हाजत में बीमार : मालूम हो कि ठाकुर को कसमार पुलिस ने पिछले बुधवार की शाम को उनके रांगामाटी गांव स्थित दुकान पर शराब बेचने के आरोप में पकड़ा था। ठाकुर को कसमार थाने के दो पुलिस वाले पकड़कर थाने ले गए। कुछ घंटे बाद पुलिस ने परिवार वालों को सूचना दी कि उसकी हालत बिगड़ गई है। उसे बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने रिम्स रेफर कर दिया था।
उस वक्त थानेदार राजेन्द्र चौधरी ने बताया था कि अचानक उच्च रक्तचाप के कारण ठाकुर सिंह को हृदय घात लगा था। मौत की घटना के बाद पूरा परिवार सदमे में है। गांव में किसी तरह होटल चलाकर वह अपना परिवार चलाता था। उसकी बेटी हेमंती कुमारी का कहना है कि पुलिसवालों ने हमें अनाथ कर दिया। हमारे पिता के साथ पुलिस वालों ने मारपीट किया, जिसके कारण उनकी तबीयत खराब हुई थी। हम सभी को न्याय मिलना चाहिए।
हालांकि, पुलिस के भय से सीधे मुंह कोई भी विरोध करने को तैयार नहीं है। ऐसे में सबकुछ पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर निर्भर करेगा। इधर ठाकुर सिंह के छोटे भाई अमृत सिंह ने कहा कि बीते बुधवार की शाम पुलिस भाई के दुकान पर पहुंची और जबरदस्ती दुकान से शराब निकलने के आरोप में थाना ले गई। दुकान में भाई एकदम स्वस्थ था, लेकिन थाना ले जाने के बाद पुलिस के प्रताड़ना से उनकी तबीयत खराब हो गई। पुलिस ने भाई के साथ मारपीट भी की, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ी और दो सप्ताह के बाद उसकी रिम्स में मौत हो गई।