Tata Steel Jharia Division के कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले, न्यूनतम ₹45 हजार से अधिकतम ₹3.62 लाख तक मिलेगा बोनस
Tata Steel Bonus Agreement: टाटा स्टील और संबंधित कोल कंपनियों के 25,603 कर्मचारियों के लिए 315 करोड़ रुपये के वार्षिक बोनस समझौते पर सहमति बनी है। धनबाद-झरिया डिवीजन के श्रमिकों को न्यूनतम ₹45 हजार से अधिकतम ₹3.62 लाख तक बोनस 11 सितंबर को मिलेगा।

टाटा स्टील झरिया डिवीजन। (फाइल फोटो)
HighLights
टाटा स्टील का 315 करोड़ रुपये का वार्षिक बोनस समझौता।
25,603 कर्मचारियों को मिलेगा न्यूनतम ₹45 हजार बोनस।
अधिकतम ₹3.62 लाख बोनस 11 सितंबर को खाते में।
जागरण संवाददाता, धनबाद। टाटा स्टील (Tata Steel) और इससे जुड़ी कोल कंपनियों में कार्यरत श्रमिकों के बोनस (Tata Steel Bonus) को लेकर फैसला हो गया। बोनस समझौते से धनबाद-झरिया डिवीजन में कार्यरत करीब चार हजार कोयला श्रमिक भी लाभान्वित होंगे। टाटा स्टील की झरिया जामोडोबा, सिजुआ भेलाटाड़ा में कोयला खदानें है।
Tata Steel प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के बीच वित्त वर्ष 2025-26 के वार्षिक बोनस समझौते पर गुरुवार को सहमति बन गई। इस साल कंपनी के विभिन्न डिवीजनों के 25,603 कर्मचारियों के बीच कुल 315 करोड़ बोनस बांटा जाएगा। बोनस की राशि 11 September को कर्मचारियों के बैंक खातों में भेज दी जाएगी।
इस समझौते का लाभ जमशेदपुर प्लांट, टीजीएस (टाटा स्टील ग्रोथ शॉप), टिनप्लेट, आईएसडब्ल्यूपी, ट्यूब्स, टीएमएच, बियरिंग डिवीजन, केपीओ, टाटा मेटालिक्स और माइंस आदि के कर्मचारियों को मिलेगा।
राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन (राष्ट्रीय खान मजदूर फेडरेशन) और टाटा प्रबंधन के बीच हुई बैठक में बोनस को लेकर सहमति बनी।
बैठक के बाद यूनियन के टाटा रीजनल सचिव संतोष महतो ने बताया कि 11 सितंबर तक बोनस की राशि श्रमिकों के बैंक खातों में पहुंच जाएगी।
समझौते के तहत श्रमिकों को न्यूनतम 45 हजार रुपये और अधिकतम 3 लाख 62 हजार रुपये तक बोनस मिलेगा। बैठक में फेडरेशन के अध्यक्ष एवं विधायक जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह सहित यूनियन और प्रबंधन के अन्य अधिकारी मौजूद थे।