तब्लीगी जमात से जुड़े लोगों ने रखा रोजा; इफ्तार के लिए मिला फल-खजूर, सदर व रेलवे अस्पताल में क्वारंटाइन हैं करीब 35 लोग Dhanbad News
धनबाद सदर अस्पताल और रेलवे अस्पताल में भर्ती तब्लीगी जमात से जुड़े लोगों ने रोजा रखा है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से इनके इफ्तार के लिए फल व खजूर की व्यवस्था की गई है।
धनबाद, जेएनएन। सदर अस्पताल और रेलवे अस्पताल में तब्लीगी जमात से जुड़े लोगों ने रोजा रखना शुरू कर दिया है। सदर अस्पताल और रेलवे अस्पताल में लगभग 35 जमाती भर्ती हैं। इन जमातियों ने स्वास्थ्य विभाग से अनुरोध किया था कि उन्हें दिन में खाना नहीं भेजा जाए, लेकिन शाम में इफ्तार के लिए जरूरत की चीजें मुहैया कराई जाई। इसपर विभाग की तरफ से इफ्तार के लिए फल व खजूर की व्यवस्था की गई है। हालांकि सभी जमात के लोग रोजा नहीं रख रहे हैं। कभी 10 लोग रोजा रख रहे हैं तो कभी 15 लोग।
खाने में फल और खजूर : सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. विजेंद्र कुमार ने बताया कि रोजेदारों को इफ्तार के लिए भुने हुए चने, केले, सेब, अंगूर, पकोड़े आदि के साथ खजूर भी दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रोजेदारों की अपील स्वास्थ्य विभाग ने पूरी करने की कोशिश की है। लोगों से भी अपील है कि वह स्वास्थ विभाग की बातों को माने और अपना सहयोग करें। बता दें कि इस समय रमजान का पाक महीना चल रहा है। इसमें मुस्लिम धर्म के लोग रोजा रखते हैं, जिसमें दिनभर उपवास किया जाता है।
घर जाने के लिए लॉकडाउन खत्म होने का इंतजार : तब्लीगी जमात से जुड़े लोग शहर में कई जगहों पर छिपकर रह रहे थे। विभाग ने सूचना पाकर शहर के विभिन्न मस्जिदों से इन्हें पकड़ा था। लगभग 60 लोगों को सदर अस्पताल में क्वारंटाइम किया गया है। हालांकि, इनलोगों की जांच नेगेटिव आई है, लेकिन अब जमात से जुड़े लोगों को मस्जिद या उनसे जुड़े लोग अपने पास नहीं रखना चाह रहे हैं। जमात के लोग अब अपने घर जाना चाह रहे हैं। इसमें सबसे अधिक लोग उत्तर प्रदेश के हैं। अब सभी लॉक डाउन खत्म होने का इंतजार कर रहे हैं। इसके बाद ही प्रशासन घर जाने की अनुमति दे सकता है।