कतरास की बिटिया की ससुराल में संदेहास्पद मौत, छह माह पूर्व हुई थी शादी
कतरास कतरास थाना अंतर्गत लकड़का नदी किनारे की बिटिया रेखा देवी की संदेहास्पद मौत उसके ससुराल गोला थाना क्षेत्र के ग्रामसूतरी में हो गई। मंगलवार की रात 930 बजे शव उसके मायके लकड़का लाया गया।
संवाद सहयोगी, कतरास : कतरास थाना अंतर्गत लकड़का नदी किनारे की बिटिया रेखा देवी की संदेहास्पद मौत उसके ससुराल गोला थाना क्षेत्र के ग्रामसूतरी में हो गई। मंगलवार की रात 9:30 बजे शव उसके मायके लकड़का लाया गया। वार्ड पांच के निवर्तमान पार्षद राजेंद्र भुइया ने बताया कि छह माह पूर्व नंदलाल रजक की पुत्री रेखा का विवाह कन्हाई रजक के साथ नौ दिसंबर 2020 को हिंदू रीति रिवाज से राणी सती दादी मंदिर में हुआ था। दहेज के चलते विवाह के कुछ दिन बाद से ही ससुराल वाले उसको प्रताड़ित करने लगे। इसकी जानकारी रेखा अपने माता-पिता एवं अन्य स्वजनों को दी थी। इधर कुछ दिन पूर्व उसकी तबीयत खराब हो जाने की सूचना मिलने पर मायके रेखा के ससुराल पहुंचे। इसके बाद उसे लकड़का में लाकर रखा गया था। सोमवार की शाम रेखा को उसके पति कन्हाई रजक मनसा पूजा की बात कहकर विदाई कर अपने साथ ले गया था। इसी बीच मंगलवार की सुबह ससुराल वालों ने सूचना दी कि उसकी मौत हो गई है। स्वजन जब उसके ससुराल ग्रामसुतरी गाव पहुंचे तो वहा उसका शव नहीं मिला। अस्पताल पहुंचने पर शव पोस्टमार्टम हाउस में मिला। रेखा के गले में तीन जगह दाग है। घटना के बाद से रेखा के ससुराल वाले घर पर नहीं मिले। रेखा के स्वजन समेत निवर्तमान पार्षद राजेंद्र भुईयां ने हत्या की संभावना जताई है। पुलिस प्रशासन से जाच कर हत्यारे को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की माग की। राजेन्द्र ने कहा कि घटना की लिखित शिकायत गोला थाना में दी गई है।