Move to Jagran APP

कंट्रोल में नहीं विधायक पूर्णिमा के समर्थक, धंधे में अपनों को भी नहीं रहे पहचान; झरिया में बहा खून

अवैध ईंट भट्ठा संचालकों के दो गुटो में बोर्रागढ गोलाई के पास हिंसक झड़प हो गई। दोनों तरफ से लाठी डंडा व हॉकी स्टीक और जमकर पत्थर चले। दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। इस दौरान दोनों पक्ष की ओर से आधा दर्जन लोगों का सिर फट गया।

By MritunjayEdited By: Published: Wed, 13 Jan 2021 07:28 AM (IST)Updated: Wed, 13 Jan 2021 05:13 PM (IST)
रघुकुल समर्थकों के बीच झड़प में क्षतिग्रस्त कार ( फोटो जागरण)।

धनबाद/ धनसार, जेएनएन। झरिया विधानसभा क्षेत्र दिन-प्रतिदिन अशांत होता जा रहा है। यहां आए दिन विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ( रघुकुल) और रागिनी सिंह ( पूर्व विधायक संजीव सिंह की पत्नी-सिंह मैंशन) के समर्थक आपस में टकरा रहे हैं। यह टकराव वर्चस्व स्थापित करने के लिए होता है। पूर्णिमा नीरज सिंह जबसे झरिया की विधायक बनी हैं रघुकुल समर्थक कुछ ज्यादा ही जोश में हैं। आलम यह है कि वे धंधे के लिए लोक-लिहाज को तिलांजलि दे रहे हैं। अपनों से भी लड़ने-भिड़ने में उन्हें कोई परहेज नहीं है। झरिया के बोर्रागढ़ में आपस में ही रघुकल समर्थक भिड़ गए हैं। इस भिड़ंत में आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

loksabha election banner

अवैध ईंट भट्ठा संचालकों में जमकर चले लाठी-डंडा

अवैध ईंट भट्ठा संचालकों के दो गुटो में मंगलवार की रात बोर्रागढ गोलाई के पास हिंसक झड़प हो गई। दोनों तरफ से लाठी, डंडा व हॉकी स्टीक और जमकर पत्थर चले। दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। इस दौरान दोनों पक्ष की ओर से आधा दर्जन लोगों का सिर फट गया। सूचना पाकर बोर्रागढ़ ओपी के प्रभारी सौरव चौबे दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त वाहन को पुलिस ने जब्त कर लिया है। वही घायलों को इलाज के लिए पुलिस ने झरिया के अस्पताल में भेज दिया। दोनों पक्ष रघुकुल के समर्थक बताए जाते हैं।

दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायत

मारपीट का कारण अवैध ईंट भट्ठों मे कोयला मिश्रित छाई को लेकर विवाद बताया जा रहा है। एक पक्ष के बोर्रागढ़ सुरेंद्र कॉलोनी निवासी राजू सिंह व दूसरे पक्ष के प्योर बोर्रागढ निवासी तेजप्रताप सिंह ने लिखित शिकायत की है। तेजप्रताप सिंह ने शिकायत में कहा है कि उन्होंने अपने भतीजे को बोर्रागढ़ बाजार दवा लाने भेजा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के राजू सिंह सहित अन्य लोगों ने उसे घेर कर मारपीट किया, जिससे उसका सिर फट गया। उसके स्काॢपयो वाहन पर पथराव कर क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष के राजू सिंह ने आरोप लगाया है कि वह अपने भाई और पिता के साथ अपने बोर्रागढ बस्ती के समीप दुकान के पास खड़े थे। इसी दौरान दयाशंकर सिंह उर्फ डुलडुल सिंह, उसके भाई संजय सिंह, सुखदेव उसका भगिना सहित अज्ञात 13 की संख्या में लोगों ने पिस्टल ,लाठी हाकी और डंडा लेकर प्रहार कर दिया। डुलडुल अपहरण करने की नीयत से पिस्टल सटाकर अपने वाहन मे जबरन बैठा रहा था। जब विरोध किया तो उनलोगों ने मारपीट करना शुरू कर दिया। जिससे उसका और भाई रंजन सिंह का सिर फट गया।जब स्थानीय लोग दौड़े तब सब भाग खड़े हुए। घटना की सूचना पाकर बोर्रागढ़ ओपी प्रभारी सौरव चौबे घटना स्थल पहुंचे।

दो पक्षों में मारपीट की घटना घटी है। शिकायत के बाद मामले की छानबीन शुरू किया जा रहा है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

-सौरभ चौबे, प्रभारी, बोर्रागढ़ ओपी


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.