विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमंत के बाद सुकांत का बड़ा दावा, बोले- बंगाल की तरह झारखंड में भी मजबूत होगी डॉ. मुखर्जी की विचारधारा

Published: Tue, 07 Jul 2026 06:32 AM (IST)

केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने सिंदरी में कहा कि पश्चिम बंगाल की तरह झारखंड भी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की विचारधारा को अपनाएगा।

डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर सिंदरी में आयोजित समारोह को सबोधित करते केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार। (फोटो जागरण)

डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर सिंदरी में आयोजित समारोह को सबोधित करते केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. सुकांत मजूमदार ने झारखंड में मुखर्जी की विचारधारा की बात कही।

  2. डॉ. मुखर्जी ने सिंदरी खाद कारखाने की नींव रखी थी।

  3. कांग्रेस पर मुखर्जी के योगदान को नजरअंदाज करने का आरोप।

संवाद सहयोगी, सिंदरी(धनबाद)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बाद पश्चिम बंगाल के बलूरघाट से सांसद और केंद्र में शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने झारखंड की राजनीति पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है-पश्चिम बंगाल की जनता ने डा. मुखर्जी की विचारधारा को स्वीकार करते हुए भाजपा को मजबूत किया है और अब झारखंड की जनता भी उनके बलिदान का सम्मान करेगी। उनकी विचारधारा को मजबूत करेगी। 

सिंदरी में मनाई गई डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती 

सुकांत मजूमदार सोमवार को को सिंदरी खाद कारखाना के मुख्य प्रवेश द्वार पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से स्वतंत्र भारत के प्रथम उद्योग मंत्री सह भारतीय जनसंघ के संस्थापक डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि की हैसियत से बोल रहे थे। उनके बयान के मायने निकाले जा रहे हैं। 

मालमू हो कि एक दिन पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा था कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद अगल लक्ष्य झारखंड है। अब सुकांत मजूमदार ने कहा है कि पश्चिम बंगाल की तरह अब झारखंड की जनता भी उनके बलिदान का सम्मान करेगी। 

केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह भाजपा के लिए गर्व का क्षण है कि जिस धरती पर डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने वर्ष 1948 में सिंदरी खाद कारखाने की नींव रखी थी उसी भूमि पर उनकी 125 वीं जयंती मनाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि आज हो रही वर्षा मानो स्वयं प्रकृति और भगवान इंद्र भी इस आयोजन का स्वागत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डा. मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया तथा 'एक देश, एक विधान' की अवधारणा को स्थापित करने के लिए संघर्ष किया।

डा. मुखर्जी ने देश में हरित क्रांति की मजबूत नींव रखी 

सिंदरी खाद कारखाने की स्थापना कर उन्होंने देश में कृषि विकास और हरित क्रांति की मजबूत आधारशिला रखी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक केवल नेहरू-गांधी परिवार को महिमामंडित किया और डा. मुखर्जी जैसे राष्ट्रनिर्माताओं के योगदान की उपेक्षा की। भाजपा आज देश के उन 40 महत्वपूर्ण स्थलों पर उनकी जयंती मना रही है जिनका उनके जीवन और कार्यों से विशेष संबंध रहा है।

विश्व की चाैथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था पर बना चुका है भारत

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और कोरोना महामारी के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की पूरी दुनिया ने सराहना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धनबाद सांसद ढुलू महतो ने कहा कि डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विलक्षण प्रतिभा के धनी थे और उन्हें देश का सबसे कम उम्र का कुलपति बनने का गौरव प्राप्त हुआ था।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने उनके योगदान को उचित सम्मान नहीं दिया जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को यह बताया कि भारत केवल नेहरू और गांधी तक सीमित नहीं बल्कि डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे महान राष्ट्रपुरुषों के आदर्शों से भी प्रेरित है।

सांसद ढुलू बोले-विकास की राजनीति करती है भाजपा 

सांसद ने कहा कि भाजपा विकास की राजनीति करती है और कुछ लोग केवल आलोचना करने में लगे रहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ अनावश्यक विरोध करने वालों को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा।

कांग्रेस ने नहीं दिया सम्मान 

कार्यक्रम प्रभारी एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने कहा कि डा. मुखर्जी भारत माता के सच्चे सपूत थे। उन्होंने सिंदरी खाद कारखाने की स्थापना कर देश के औद्योगिक और कृषि विकास की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक देश पर शासन किया लेकिन राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाले अनेक महापुरुषों को उचित सम्मान नहीं दिया।

झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए देश के विकास को नई गति दी है। उन्होंने कहा कि सिंदरी में आयोजित यह प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगा तथा भाजपा की संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक बनेगा।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से हुआ। जिसे भाजपा महानगर अध्यक्ष श्रवण राय ने प्रस्तुत किया। वहीं ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोहन कुंभकार ने मंच संचालन किया। पूरे आयोजन के दौरान रिमझिम बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

यह भी पढ़ें- झारखंड भाजपा का 'अधूरा एजेंडा': हिमंत बिस्वा सरमा ने बताई भविष्य की रणनीति

भाजपा नेताओं ने डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

मौके पर भाजपा विधायक राज सिन्हा, शत्रुघ्न महतो, निरसा की पूर्व विधायक अपर्णा सेनगुप्ता, भाजपा नेत्री तारा देवी, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष धनश्याम ग्रोवर, धरनीधर मंडल, शैलेश सिंह, नगर अध्यक्ष संजू महतो, विजय सिंह, अरविंद खत्री, अरविंद पाठक, राकेश तिवारी, राजेश चौधरी, अणिमा सिंह, कुमार महतो थे।