Khanna House robbery case: नप गए धनबाद थानेदार, डकैती में लगाई थी चोरी की धारा
Khanna House robbery case एसएसपी असीम विक्रांत मिंज ने धनबाद के थानेदार संजीव कुमार तिवारी को निलंबित कर दिया है। उनके स्थान पर विनय कुमार को नया थानेदार बनाया गया है। तिवारी पर अपराध को कम करके दिखाने का आरोप है।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद थाना के पीछे मनोरम नगर में हार्ड कोक कारोबारी विजय खन्ना के घर हुई डकैती के मामले को हल्का दिखाने के लिए चोरी की प्राथमिकी दर्ज करने पर एसएसपी असीम विक्रांत मिंज ने धनबाद थाना के प्रभारी संजीव कुमार तिवारी को निलंबित कर दिया है। वहीं विनय कुमार को बतौर थानेदार पदस्थापित किया गया है। विनय कुमार विशेष शाखा में थे। कुछ दिन पहले ही उन्हें धनबाद जिले में भेजा गया है। संजीव कुमार पर आरोप है कि उन्होंने मनोरम नगर में हुई घटना का सच वरीय अधिकारियों से छिपाया। साथ ही वरीय अधिकारियों से परामर्श लिए बिना चोरी की प्राथमिकी दर्ज की।
दरअसल, घटनास्थल एसएसपी के आवास से कुछ ही दूर है। चोरी की घटना जानकर वरीय अधिकारियों ने इसका अनुसंधान थानेदार पर छोड़ दिया। बाद में एसएसपी को पता चला कि 10 से 12 अपराधियों ने यह कांड किया था। उन्होंने नए सिरे से अनुसंधान शुरू कराया तो यह बात सामने आई कि सोमवार की रात अपराधियों ने कारोबारी के चालक सह केयरटेकर मंगल मंडल और दाई को हथियार दिखाकर बंधक बनाया था। इसके बाद डकैती की गई थी।
धनबाद थाना और एसएसपी के घर नजदीक मनोरम नगर में हुई डकैती के कारण धनबाद पुलिस की किरकिरी हुई। इसके बाद एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए धनबाद थानेदार को निलंबित कर दिया। विजय खन्ना व्यवसायी हैं। उनका गुजरात में हार्डकोक व्यवसाय का धंधा है। घटना के समय वह घर पर नहीं थे।