ढुलू के करीबियों के घरों पर हमला मामले में मंटू महतो पर केस
लोयाबाद विधायक ढुलू महतो के प्रतिनिधि दिनेश रवानी व शिवा दास के घर पर गुरुवार की रात हु
लोयाबाद : विधायक ढुलू महतो के प्रतिनिधि दिनेश रवानी व शिवा दास के घर पर गुरुवार की रात हुई फायरिंग, बमबाजी व हमला के बाद एकड़ा में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। लोयाबाद थाना पुलिस ने घटनास्थल से 13 खोखा व दो गोली बरामद की है। पुलिस स्थिति पर नजर रख रही है। इस मामले में लोयाबाद थाने में शुक्रवार को दो प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पहली प्राथमिकी विधायक प्रतिनिधि एकड़ा मोड़ निवासी दिनेश रवानी के भाई राजेश रवानी की लिखित शिकायत पर की गई है। इसमें आजसू जिलाध्यक्ष मंटू महतो, संतोष महतो, सुभाष महतो, डिस्को महतो, मेगा मल्लाह, तुलेश्वर महतो उर्फ पप्पू महतो, गोलू सिंह, धनेश्वर महतो, गोयल मल्लाह, जीवा मल्लाह, सोनू पासी, गणेश महतो, रोहित महतो, पन्ना लाल सिंह, मिथुन तुरी, जितेंद्र भुइयां, जाटो भुइयां, सागर पासी को आरोपित बनाया गया है। इनके खिलाफ हरवे हथियार से लैस होकर दिनेश रवानी के घर पर बम विस्फोट, फायरिग व पत्थरबाजी करने का आरोप लगाया है। दूसरी प्राथमिकी एकड़ा हरिजन बस्ती निवासी सूरज कुमार की लिखित शिकायत पर की गई है।
राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया गया है : मंटू महतो
संस, लोयाबाद: आजसू के जिलाध्यक्ष मंटू महतो ने शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि एकड़ा फायरिग की घटना में मुझे और मेरे परिवार के सदस्यों को राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया गया है। विधायक ढुलू महतो ने मेरे खिलाफ साजिश रची है। मेरे घर में सीसीटीवी कैमरा लगी हुई है। पुलिस कैमरे की जांच कर सच्चाई को उजागर करे।
एसएसपी ने की हमला मामले की जांच
संस लोयाबाद : ढुलू के करीबियों के घरों पर हमला मामले की एसएसपी असीम विक्रांत मिज ने जांच की। शुक्रवार को डीएसपी विधि व्यवस्था मुकेश कुमार के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर दोनों के घरवालों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। आवश्यक जानकारी हासिल करने के बाद एसएसपी ने हमलावरों को गिरफ्तार करने का निर्देश लोयाबाद थाना पुलिस को दिया। उन्होंने लोयाबाद में बिगड़ती विधि-व्यवस्था को लेकर थानेदार चुन्नू मुर्मू को फटकार लगाई। इसके पूर्व सुबह करीब छह बजे विधायक ढुलू महतो दिनेश रवानी के घर पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।