बीबीएमकेयू में जल्द शुरू होंगे स्मार्ट क्लासेस
जागरण संवाददाता धनबाद बिनोद बिहारी महतो कोयलाचल विश्वविद्यालय का पठन-पाठन जल्द ही नए कलेवर म
जागरण संवाददाता, धनबाद :
बिनोद बिहारी महतो कोयलाचल विश्वविद्यालय का पठन-पाठन जल्द ही नए कलेवर में दिखेगा। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विश्वविद्यालय के सभी अंगीभूत महाविद्यालय व 21 विभाग स्मार्ट क्लास से लैस होंगे। मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने इसके लिए विश्वविद्यालय को राशि आवंटित कर दी है। सोमवार को इसके लिए विश्वविद्यालय अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया। विश्वविद्यालय सूत्रों की मानें तो स्मार्ट क्लासेज के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन काफी दिनों से प्रयासरत था। मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने बीबीएमकेयू और एसकेएमयू दुमका के लिए 2 करोड़ 8 लाख रुपए का फंड आवंटित किया है। यह राशि मई में ही दोनों विश्वविद्यालयों को मिल गई थी।
-----------------
3.47 लाख में बनेगा एक स्मार्ट क्लास :
स्मार्ट क्लास अत्याधुनिक तकनीक से लैस होगा। एक स्मार्ट क्लास पर 3.47 लाख रुपये की अनुमानित राशि खर्च होगी। स्मार्ट क्लास में स्मार्ट मल्टीपोडियम के अलावा प्रोजेक्टर, विजुलाइजर, लैपटॉप माइक्रोफोन, वॉयरलैस लेपल माइक्रोफोन, एंपलीफायर, कैमरे जैसे अत्याधुनिक गैजेट्स लगे होंगे जो विद्यार्थियों को स्मार्ट बनाएंगे।
-------------------
भविष्य में वर्चुअल क्लासेस में अपग्रेड होंगे स्मार्ट क्लासेस विश्वविद्यालय के सभी स्मार्ट क्लासेस भविष्य में वर्चुअल क्लासेस के रूप में विकसित किए जाएंगे। स्मार्ट क्लासेस निर्माण के दौरान भविष्य के तकनीक का ध्यान रखा जायेगा। स्मार्ट क्लासेज में जो भी अत्याधुनिक गैजेट्स लगाए जा रहे हैं उन्हें बाद में क्लाउड कंप्यूटिंग सॉफ्टवेयर के जरिए अपग्रेड कर वर्चुअल क्लास में परिवर्तित किया जा सकेगा। वर्चुअल क्लासेस के जरिए विद्यार्थी शिक्षक से ऑनलाइन संपर्क कर सकते हैं।