एसबीआई आरटीजीएस सेवा आज रात 3 घंटे के लिए रहेगी बाधित, जानें कारण और विकल्प
SBI RTGS Service Down भारतीय स्टेट बैंक की आरटीजीएस सेवा आज आधी रात के बाद तीन घंटे के लिए रखरखाव के कारण बंद रहेगी।

स्टेट बैंक आफ इंडिया। (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, धनबाद। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की आरटीजीएस सेवाएं आज शनिवार की आधी रात के बाद से अगले तीन घंटे के लिए पूरी तरह से ठप रहेंगी। यह जानकारी शनिवार को स्टेट बैंक आफ इंडिया ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल (X/ट्विटर) पर दी है।

बैंक के मुताबिक निर्धारित रखरखाव गतिविधि के कारण 17 मई की रात यानी रात 12:15 बजे से लेकर सुबह 03:15 बजे तक आरटीजीएस सेवा पूरी तरह से अनुपलब्ध रहेगी। इस दौरान धनबाद सहित देशभर के करोड़ों ग्राहक आरटीजीएस के जरिए फंड ट्रांसफर नहीं कर पाएंगे।
हालांकि बैंक ने ग्राहकों को राहत देते हुए बताया है कि इस अवधि के दौरान वैकल्पिक डिजिटल माध्यम जैसे एनईएफटी और आईएमपीएस सेवाएं सुचारू रूप से चालू रहेंगी। बैंक ने ग्राहकों को होने वाली इस असुविधा के लिए खेद भी जताया है।
धनबाद के कारोबारी और आम उपभोक्ता समय रहते अपने जरूरी वित्तीय काम निपटा लें ताकि किसी परेशानी से बचा जा सके।