Dhananjay Mishra Murder Case: पत्नी ही निकली साजिशकर्ता, पुलिस ने प्रेमी के साथ भेजा जेल
धनंजय मिश्रा का शव शनिवार की रात जिरवाबाड़ी ओपी क्षेत्र के महादेवगंज से बरामद किया गया था। मारपीट के बाद गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई थी। शव को करीब 15 फीट नीचे गाड़ दिया गया था। कुलेस रजक की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद किया।
साहिबगंज, जेएनएन। झारखंड के मुख्यमंत्री और बरहेट विधायक हेमंत सोरेन के प्रतिनिधि पंकज मिश्रा के चचेरे भाई धनंजय मिश्रा उर्फ छोटू मिश्रा हत्याकांड में पुलिस ने उसकी पत्नी दीपिका मिश्रा व जेसीबी चालक मसकलैया निवासी कुलेस रजक को रविवार की रात जेल भेज दिया। पुलिस जांच में अब तक मिले तथ्य के अनुसार अवैध संबंध में ही धनंजय मिश्रा की हत्या की गई। वैसे पुलिस ने मामले को अब तक बंद नहीं किया है। अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। पुलिस नामजद आरोपित आदित्य यादव, अंतेश यादव व छोटू चौधरी की गिरफ्तारी में जुटी हुई है। उनकी गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होगा। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कई टीम लगी हुई है।
मिर्जाचाैकी थानेदार कर रहे मामले की जांच
धनंजय मिश्रा हत्याकांड की प्राथमिकी मिर्जाचौकी थाने में दर्ज की गई है। मिर्जाचौकी थाना प्रभारी अशोक प्रसाद स्वयं मामले की जांच करेंगे। धनंजय मिश्रा का शव शनिवार की रात जिरवाबाड़ी ओपी क्षेत्र के महादेवगंज से बरामद किया गया था। मारपीट के बाद गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई थी। शव को करीब 15 फीट नीचे गाड़ दिया गया था। कुलेस रजक की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद किया।
सभी आरोपित जल्द ही होंगे गिरफ्तार
एसडीपीओ राजेंद्र कुमार दुबे ने बताया पुलिस हत्या मामले में कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही सभी आरोपित पुलिस की गिरफ्त में आ जाएंगे। जानकारी के अनुसार मिश्रा की पत्नी ने पुलिस के सामने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।