दुर्गा ने लाया अविश्वास प्रस्ताव तो चेयरमैन ने रद की बैठक, धनबाद जिप में बरपा हंगामा
हंगामा के बीच दास ने प्रस्ताव को जिला परिषद के सचिव को साैंपा। कांग्रेस की राजनीति करने वाली दास ने कहा कि चेयरमैन गोराई गांव में मुंह दिखाने लायक नहीं हैं।
धनबाद, जेएनएन।जैसा कि धनबाद जिला परिषद बोर्ड की हर बैठक में हंगामा होता है, मंगलवार को भी हुआ। हालांकि हंगामा थोड़ा अलग था। अबकी चेयरमैन रॉबिन गोराई के खिलाफ सदस्य दुर्गा दास ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने दावा किया कि प्रस्ताव के समर्थन में 10 सदस्य हैं। प्रस्ताव पेश करते हुए दुर्गा जब बोल रहीं थी तो ठीक उसी समय चेयरमैन ने बैठक समाप्त करने की घोषणा कर हॉल से निकल पड़े। इसके बाद हंगामा शुरू हो गया।
हंगामा के बीच दास ने प्रस्ताव को जिला परिषद (जिप) के सचिव को साैंपा। कांग्रेस की राजनीति करने वाली दास ने कहा कि चेयरमैन गोराई गांव में मुंह दिखाने लायक नहीं हैं। उनपर अवैध धंधा करने के लगातार आरोप लग रहे हैं। निर्धारित समय पर बोर्ड की बैठकें नही जो रही हैं। दास का साथ समर्थन करने वालों में अशोक कुमार सिंह, रेणुका मोदी, सीमा बाउरी, निशा देवी, अंजना देवी, रेणु देवी, हिरामन नायक, कमली देवी शामिल हैं। चेयरमैन रॉबिन गोराई भाजपा की राजनीति करते हैं।
अन्य सादस्यों ने किया विरोध : दुर्गा दास के अविश्वास प्रस्ताव का विरोध अन्य सादस्यों ने किया है। सुभाष राय, संतोष महतो, दिल मोहम्मद, रायमुनि आदि शामिल हैं। सुभाष राय ने कहा कि बोर्ड बैठक जब भी सही तरीके से संचालित होती है तो हंगामा किया जाता है। काम नही हो पा रहा है।
भिड़े सुभाष राय और गौतम दसौंधीः अविश्वास प्रस्ताव पर सदस्य सुभाष राय ने चेयरमैन का पक्ष लिया, इसी पर निरसा विधयक अरूप चटर्जी के प्रतिनिधि गौतम दसौंधी ने विरोध किया। इसी को लेकर दोनों तरफ से आरोप लगाए गए। इन दोनों के कारण बोर्ड बैठक के बाद हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई।