जगन्नाथ पुरी जानेवाले हैं तो साथ रखें आरटीपीसीआर की नेगेटिव रिपोर्ट, वरना शहर में नहीं मिलेगी एंट्री
पुरी जाने वाले हैं तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। जगन्नाथपुरी जाने से पहले अपने साथ आरटीपीसीआर की नेगेटिव रिपोर्ट जरूर रख लें। अगर आप ऐसा नहीं करते हैं तो पुरी रेलवे स्टेशन तक तो पहुंच सकते हैं पर आपको स्टेशन से बाहर शहर में एंट्री नहीं मिलेगी।
जागरण संवाददाता, धनबाद: पुरी जाने वाले हैं तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। जगन्नाथपुरी जाने से पहले अपने साथ आरटीपीसीआर की नेगेटिव रिपोर्ट जरूर रख लें। अगर आप ऐसा नहीं करते हैं तो पुरी रेलवे स्टेशन तक तो पहुंच सकते हैं पर आपको स्टेशन से बाहर शहर में एंट्री नहीं मिलेगी।
जी हां, कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर ओडिशा सरकार ने नई व्यवस्था को 10 अप्रैल से प्रभावी कर दिया है। राज्य सरकार से जारी दिशा निर्देश के बाद रेलवे ने पुरी जाने वाली देश भर की ट्रेनों के यात्रियों को आगाह किया है कि वो अपने साथ 72 घंटे पहले लिए हुए आरटीपीसीआर नेगेटिव रिपोर्ट रख लें या फिर कोविड-19 सेकंड डोज का सर्टिफिकेट अपने साथ जरूर ले जाएं। अगर आप ऐसा नहीं करते हैं तो पुरी स्टेशन पहुंचने पर आपको 7 दिनों के लिए क्वॉरेंटाइन कर दिया जाएगा जो अनिवार्य है। दूसरे शहर में जाकर हफ्ते भर के लिए क्वॉरेंटाइन होना यात्रियों के लिए बड़ी मुसीबत का कारण बन सकता है।
इससे पहले उत्तराखंड सरकार ने भी हरिद्वार महाकुंभ जाने वाले यात्रियों के लिए 72 घंटे पहले का आरटीपीसीआर रिपोर्ट साथ लाना अनिवार्य कर दिया था। अब ओडिशा में कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर राज्य सरकार ने इसे अनिवार्य कर दिया है। झारखंड के गोमो, बोकारो और भागा, महुदा वाले रूट से होकर कई ट्रेनें ओडिशा जाती हैं। इनमें तीन राजधानी एक्सप्रेस के साथ-साथ नई दिल्ली पुरी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस आनंद विहार पुरी नीलांचल एक्सप्रेस, आनंद विहार पुरी नंदन कानन एक्सप्रेस, आनंद विहार भुवनेश्वर उड़ीसा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों में बड़ी संख्या में देशभर के यात्रियों के साथ साथ झारखंड के यात्री भी जगन्नाथ पुरी तीर्थ करने जाते हैं। संक्रमण फैलने के खतरे को देखते हुए अब सभी यात्रियों के लिए आरटी पीसीआर का नेगेटिव रिपोर्ट साथ ले जाना अनिवार्य कर दिया गया है।