हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस के AC कोच में चूहों का तांडव, यात्री ने लगाई गुहार; ग्लू पैड लगाकर पकड़ा गया
चूहों ने हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस के एसी कोच में यात्रियों को फिर परेशान किया, जिसके बाद एक यात्री ने रेल मदद पर शिकायत दर्ज कराई।

ट्रेन में दिखा चूहा। (जागरण)
HighLights
हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस के एसी कोच में चूहों का उत्पात।
यात्री रविकांत कुमार ने रेल मदद पर शिकायत दर्ज कराई।
रेलवे से तत्काल पेस्ट कंट्रोल और जांच की मांग।
जागरण संवाददाता, धनबाद। हटिया से इस्लामपुर जा रही ट्रेन के एसी कोच में चूहों की उछलकूद ने यात्रियों को फिर परेशान किया।
वाकया 8 अक्टूबर का है। सेकंड एसी के कोच ए-2 के नौ नंबर बर्थ पर सफर कर रहे यात्री रविकांत कुमार ने चूहों से छुटकारा दिलाने का अनुरोध किया।
रेल मदद पर उन्होंने लिखा कि 18624 हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस में चूहे और कॉकरोच खुलेआम घूम रहे हैं। इससे यात्रियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
भोजन और सामान के आसपास चूहों की मौजूदगी अत्यंत अस्वीकार्य है। तत्काल पेस्ट कंट्रोल कराया जाए। साथ ही यह जांच की जाए कि निर्धारित पेस्ट कंट्रोल कब और किस एजेंसी की ओर से किया गया था।
संबंधित निरीक्षण और अनुपालन रिकॉर्ड की समीक्षा की जाए। लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार एजेंसी या अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
पहले भी चूहों ने किया है परेशान
इससे पहले तीन अक्टूबर को भी फर्स्ट एसी में यात्रा कर रही महिला यात्री को चूहों ने खूब परेशान किया गया था। शिकायत मिलते ही रेल महकमा हरकत में आ गया।
रेलवे की ओर से बताया कि आन बोर्ड स्टाफ ने ग्लू पैड की मदद से दो चूहों को पकड़ लिया है। एहतियात के तौर पर नये ग्लू पैड भी लगाए गए हैं।
यह भी पढ़ें- बिहार के मोतिहारी, रक्सौल और सीतामढ़ी के यात्रियों पर असर, कई ट्रेनों के रूट बदले
