Coronavirus: रेल अधिकारी भी करेंगे नमस्ते, नमस्ते; कार्यशैली में बदलाव को लेकर ECR ने जारी किया वीडियो
ऑफिस के लिए निकलने से पहले रेलकर्मी को अपने पास साबुन मास्क और सैनिटाइजर रखना होगा। इसका भी ख्याल रखना होगा कि साबुन या मास्क का इस्तेमाल किसी दूसरे कर्मचारी को न करने दें।
धनबाद [ तापस बनर्जी ]। खुद को तेजी से कॉर्पोरेट लुक में ढाल रही रेलवे अब भारतीय परंपरा और संस्कृति की पटरी पर दौड़ेगी। रेलवे के दफ्तरों में काम करने वाले कर्मचारी अब एक दूजे से हाथ नहीं मिलाएंगे, बल्कि दोनों हाथ जोड़कर नमस्ते करेंगे। कोरोना संक्रमण को बेपटरी करने के लिए उन्हें अपनी जीवन शैली में कई बदलाव लाने होंगे। इसके लिए रेलवे ने एक आकर्षक वीडियो तैयार किया है। कर्मचारियों के बीच यह वीडियो खासा चर्चे में है।
कोरोना वायरस की चेन को तोड़ने के लिए रेल के अधिकारी और कर्मचारी अब नमस्ते, नमस्ते करेंगे। pic.twitter.com/4uxktt7SEx
— mritunjay pathak (@mpathak009) April 28, 2020
क्या खास है वीडियो में
इस वीडियो में बताया गया है कि पहले रेलकर्मी आपस में बैठकर लंच करते थे। इस दौरान घर से लाए गए लंच एक दूसरे से साझा भी करते थे। ड्यूटी के दौरान भी शारीरिक दूरी का ख्याल नहीं रखते थे। अब इस दूरी को बरकरार रखना होगा।
अपनी बाइक, अपना साबुन, मास्क और सैनिटाइजर
ऑफिस के लिए निकलने से पहले रेलकर्मी को अपने पास साबुन, मास्क और सैनिटाइजर रखना होगा। इसका भी ख्याल रखना होगा कि साबुन या मास्क का इस्तेमाल किसी दूसरे कर्मचारी को न करने दें। कर्मचारी को अपनी बाइक से दफ्तर जाना बेहतर होगा।
मास्क के बगैर ऑफिस में नो एंट्री, ड्यूटी ऑवर में भी जरूरी
धनबाद : रेल कर्मचारियों के लिए मास्क अनिवार्य कर दिया गया है। मास्क के बगैर ऑफिस में एंट्री नहीं होगी। इतना ही नहीं पूरे ड्यूटी ऑवर में मास्क पहनकर ही काम करना होगा। वीडियो से इससे जुड़ा संदेश भी जारी किया जा रहा है।
- खास बातें
- कम से कम एक मीटर की दूरी बनाकर एक-दूसरे से बात करें।
- बाथरूम खोलने के लिए हाथ के बजाए केहुनी का उपयोग करें।
- बाहरी लोगों का ऑफिस में प्रवेश पर रोक।
- मास्क खोलते समय सामने वाले हिस्से को न छुएं।
- मास्क खोलने के बाद हाथ साबुन या सैनिटाइजर से धो लें।
- मास्क धोकर पांच घंटे तक धूप दिखाएं।