विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी: अब काउंटर टिकट पर भी मिलेगा 10 लाख तक का बीमा कवर, 27 अक्टूबर से नियम लागू

Published: Sun, 25 Oct 2026 07:00 AM (IST)

रेलवे ने 27 अक्टूबर से पीआरएस काउंटर से टिकट बुक करने वाले यात्रियों के लिए बीमा सुविधा शुरू की है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. रेलवे काउंटर टिकट पर अब बीमा सुविधा उपलब्ध।

  2. डिजिटल भुगतान करने पर ही मिलेगा बीमा का लाभ।

  3. 35-45 पैसे प्रीमियम पर 10 लाख का बीमा कवर।

जागरण संवाददाता, धनबाद। त्योहारी सीजन के बीच रेलवे ने यात्रियों के लिए खास सुविधा शुरू करने की घोषणा की है। रेलवे स्टेशन के पीआरएस यानी आरक्षित टिकट काउंटर से टिकट बुक करने वाले यात्रियों को बीमा का लाभ मिलेगा।

27 अक्टूबर से देशभर में नई सुविधा की शुरुआत होगी। यह सुविधा उन यात्रियों को ही मिलेगी, जो रेलवे काउंटर से टिकट लेकर कैशलेस यानी डिजिटल भुगतान करेंगे।

नकद पैसे देकर टिकट बुक करने वालों को बीमा का लाभ नहीं मिलेगा। ऑनलाइन की तरह काउंटर टिकट पर भी यात्रियों को महज 35 से 45 पैसे के प्रीमियर पर 10 लख रुपये तक का बीमा कवर मिलेगा। यह बीमा दुर्घटना, मौत और स्थाई विकलांगता जैसी स्थिति में काम आएगा।

क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, यूपीआई या क्यूआर कोड से भुगतान

अब तक केवल ई टिकट बुकिंग पर ही बीमा की सुविधा मिलती है। अब काउंटर से टिकट बुक करने पर भी बीमा का लाभ मिलेगा।

इसके लिए क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, यूपीआई या क्यूआर कोड से भुगतान करना होगा। आवेदन भरते समय आरक्षण फॉर्म पर चालू मोबाइल नंबर लिखना होगा। उसी मोबाइल नंबर पर ट्रेन अपडेट और बीमा संबंधी एसएमएस आएगा।

रेलवे आरक्षण फॉर्म में किया बदलाव

यात्रियों से जुड़ी नई सुविधा के लिए रेलवे ने आरक्षण फॉर्म में भी बदलाव किया है। नए फॉर्म में बीमा का विकल्प जोड़ा गया है। 27 अक्टूबर से धनबाद समेत सभी रेलवे काउंटर पर नए फार्म उपलब्ध होंगे।

यह भी पढ़ें- राजस्थान-बंगाल रूट के यात्रियों को झटका: दिसंबर से फरवरी तक चुनिंदा दिनों में रद रहेगी अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस