विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजस्थान-बंगाल रूट के यात्रियों को झटका: दिसंबर से फरवरी तक चुनिंदा दिनों में रद रहेगी अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस

Published: Sat, 24 Oct 2026 11:08 PM (IST)

घने कोहरे के कारण पूर्व रेलवे ने अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस को दिसंबर से फरवरी तक चुनिंदा दिनों के लिए रद कर दिया है।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (फाइल फोटो)

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (फाइल फोटो)

जागरण संवाददाता, धनबाद। सर्दियों के आगमन के साथ ही पटरियों पर धुंध का पहरा गहराने लगा है। घने कोहरे के बीच ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक न लगे और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित रहे, इसे देखते हुए पूर्व रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है।

12988 अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस और 12987 सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस का परिचालन आगामी दिसंबर से फरवरी तक चुनिंदा दिनों के लिए पूरी तरह स्थगित कर दिया गया है।

रेलवे द्वारा जारी नई समय-सारिणी के अनुसार, ट्रेन संख्या 12988 अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस दिसंबर से फरवरी के दौरान हर हफ्ते मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को रद रहेगी।

यात्रियों की बढ़ेगी मुश्किलें

वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 12987 सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस दिसंबर 2026 से फरवरी 2027 के मध्य तय तिथियों पर नहीं चलेगी।

दिसंबर की शुरुआत से ही दोनों ट्रेनों की सेवाओं में कटौती प्रभावी हो जाएगी। अजमेर-सियालदह जहां दिसंबर में 14 दिन, जनवरी में 13 दिन और फरवरी में 12 दिन नहीं चलेगी, वहीं सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस भी इन तीनों महीनों में 12 से 14 दिनों तक पटरी से नदारद रहेगी।

सर्दियों के इस फैसले से राजस्थान और बंगाल के बीच सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रेनों की अद्यतन स्थिति जांचने की अपील की है।

यह भी पढ़ें- टाटानगर और रांची होकर चलेगी संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस, झारखंड से पिंक सिटी का सफर हुआ आसान