DMC Ward 8 Scan: पानी और गंदगी की समस्या से निजात की उम्मीद नहीं हुई पूरी
इस वार्ड में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं है। मुहल्ले व कॉलोनियों मेंं गंदगी का अंबार है। गंदे पानी की निकासी नही होने से बरसात के दिनों में लोगों को काफी परेशानी होती है।
लोयाबाद, जेएनएन। Dhanbad Municipal Corporation के कतरास अंचल के तहत Ward 8 का इलाका है। इस वार्ड में करीब एक लाख की आबादी व 25 हजार मतदाता हैं। इसमें लोयाबाद पावर हाउस, कोक प्लांट, कनकनी, लोयाबाद बीस नंबर, आठ नंबर, सात नंबर पांच नंबर व मंसूरी मुहल्ला, मदनाडीह, लोयाबाद बाजार, एकड़ा बस्ती, बासदेवपुर, बांसजोड़ा, गड़ेरिया, लोयाबाद दुर्गा मंदिर, नया धौड़ा आदि मुहल्ले आते हैं। इस वार्ड में जितना विकास होना चाहिए था नहीं हो सका है। सरकार की ओर से इस वार्ड को ओडीएफ घोषित किया गया है, लेकिन 90 प्रतिशत शौचालय अस्तित्व में नहीं है।
साफ सफाई : इस वार्ड में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं है। मुहल्ले व कॉलोनियों मेंं गंदगी का अंबार है। गंदे पानी की निकासी नही होने से बरसात के दिनों में लोगों को काफी परेशानी होती है।
जलसंकट : वार्ड में पेयजल संकट का समाधान नहीं हो पाया है। पेयजलापूर्ति ठप हो जाने पर नदी व तालाब का प्रदूषित पानी का सेवन करने को लोग मजबूर हो जाते हैं। प्रदूषण : बासदेवपुर और बांसजोड़ा कोलियरी में कोयले की ट्रांसपोर्टिंग के लिए हाइवा का परिचालन होता है। इससे होने वाले प्रदूषण से लोग परेशान हैं।
जनता की सुनिए
मुहल्ले में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। नालियों की नियमित रूप से सफाई नहीं होती है। साल में मात्र एक दो बार सफाई होती है। लाइट व डस्टबिन नही लगाया गया है।
-निजामुद्दीन अंसारी, लोयाबाद सात नंबर
बांसजोड़ा उपेक्षित मुहल्ला है। सफाई व विकास कार्य में भेदभाव बरता जाता है। नालियां की सफाई नहीं होती है। कई लोग राशन कार्ड और शौचालय की सुविधा से वंचित हैं।
-उमा देवी, बांसजोड़ा
निमियाटांड़ मुहल्ले में पानी की घोर किल्लत है। पेयजल और पिट वाटर की आपूर्ति नहीं होती है। लोगों को दूर दराज इलाके से पानी ढोकर लाना पड़ता है।
-अनिता देवी, निमियाटांड़
पार्षद जब से विधायक ढुलू महतो के दामन थामे हैं तब से उन्ही मोहल्ले पर ध्यान देते हैैं जहां अधिक विधायक समर्थक रहते हैं। साल में एकाद बार ही नालियों की सफाई की जाती है।
-संतोष साव, एकड़ा बासुदेवपुर
नालियां गंदगी से जाम है। इससे बीमारियों होने की आशंका है। पार्षद उन्हीं जगहों पर पीसी सड़क बनाया है जहां जरूरत नहीं थी। इस मुहल्ले में सड़क खस्ताहाल है। नई सड़क नहीं बनाई गई है।
-रेखा देवी, लोयाबाद पांच नंबर
जगह-जगह गंदगी भरी पड़ी हुई है। नालियां जाम है। नालियों का पानी सड़क पर बहता है। लाइट की भी व्यवस्था नहीं की गई है।
-सुदामा साव, गड़ेरिया