विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रिंस खान के भाई बंटी को धनबाद से हजारीबाग जेल भेजने की तैयारी, पत्नी को सता रहा एनकाउंटर का डर

Published: Sat, 21 Nov 2026 11:37 PM (GMT+05:30)

मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत ने बंटी खान को धनबाद से हजारीबाग जेल स्थानांतरित करने की अनुमति दी है।

वासेपुर में पैदल मार्च के दाैरान बंटी खान। (फाइल फोटो)

वासेपुर में पैदल मार्च के दाैरान बंटी खान। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. बंटी खान को धनबाद से हजारीबाग जेल स्थानांतरित करने की अनुमति मिली।

  2. पत्नी सना परवीन ने स्थानांतरण के दौरान एनकाउंटर की आशंका जताई।

  3. सुरक्षा के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट, सीसीटीवी निगरानी की मांग की।

जागरण संवाददाता, धनबाद। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत ने कुख्यात प्रिंस खान के भाई बंटी खान उर्फ जियाउल हक को धनबाद मंडल कारा से केंद्रीय कारा हजारीबाग स्थानांतरित करने की अनुमति जेल प्रशासन को दे दी है।

इस बीच बंटी खान की पत्नी सना परवीन ने अदालत में आवेदन देकर पति के जेल स्थानांतरण के दौरान एनकाउंटर किए जाने की आशंका जताई है। उन्होंने स्थानांतरण के दौरान विशेष सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है।

अदालत में दिए आवेदन में सना परवीन ने कहा है कि उन्हें आशंका है कि धनबाद मंडल कारा से हजारीबाग ले जाने के दौरान धनबाद पुलिस रास्ते में उनके पति का एनकाउंटर कर सकती है।

वासेपुर में पिटाई का दिया हवाला 

उन्होंने आवेदन में उल्लेख किया है कि गिरफ्तारी के बाद उनके पति को पुलिस हिरासत में वासेपुर में पैदल मार्च कराया गया था। इस दौरान उनके पति पर जानलेवा हमला हुआ था।

पत्नी का आरोप है कि पुलिस अभिरक्षा में वासेपुर के एक व्यक्ति ने उनके पति पर हमला किया था, लेकिन स्थानीय पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की।

बुलेटप्रूफ जैकेट पहनाकर हजारीबाग ले जाने की मांग 

आवेदन में यह भी कहा गया है कि वासेपुर में चर्चा है कि जेल स्थानांतरण के बहाने बंटी खान का एनकाउंटर किया जा सकता है। इसी आशंका को देखते हुए उसने अदालत से मांग की है कि उनके पति को हजारीबाग जेल ले जाते समय पैरों में लोहे की बेड़ी लगाई जाए।

पूरे रास्ते सीसीटीवी की निगरानी रखी जाए और उन्हें बुलेटप्रूफ जैकेट पहनाकर ले जाया जाए।सना परवीन ने अदालत से अपने पति की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक आदेश पारित करने की गुहार लगाई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।