मोदी करेंगे धनबाद के भाजपा कार्यकर्ताओं से मन की बात, देंगे चुनावी मंत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धनबाद, बस्ती, बिलासपुर, चितौड़गढ़ और मंदसौर लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे।
धनबाद, जेएनएन। चार वर्ष तक विकास कार्य और सुशासन पर ध्यान केंद्रित करने के बाद पांचवे वर्ष यानी चुनावी वर्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं की हौसलाअफजाई का अभियान छेड़ दिया है। इस क्रम में वह 29 सितंबर को धनबाद लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की मन की बात सुनेंगे और मिशन-2019 को सफल बनाने के लिए चुनावी मंत्र देंगे। इसकी सूचना मिलने भर से धनबाद और बोकारो जिले के भाजपाई उत्साह से लबरेज हैं। उन्हें नरेंद्र मोदी से सीधे बात करने का मौका जो मिलने जा रहा है।
विपक्ष के झूठे आरोपों का पीएम देंगे जवाब: राफेल डील, तेल के बढ़ते दाम और विजय माल्या-नीरव मोदी जैसे भगोड़े के मामले को लेकर विपक्ष केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर हमलावर है। ऐसे में कार्यकर्ताओं की हौसलाअफजाई कर विपक्ष के हमले का जवाब देने के लिए नरेंद्र मोदी खुद फ्रंटफुट पर आ गए हैं। वह 'वह मेरा बूथ, सबसे मजबूत' कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं। इसी कड़ी में 29 सितंबर को सायं 4.30 बजे से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धनबाद, बस्ती, बिलासपुर, चितौड़गढ़ और मंदसौर लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे। उन्हें केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के कार्यो को जनता के बीच ले जाने और विपक्ष के आरोपों की सच्चाई उजागर करने को मंत्र देंगे।
चुनिंदा कार्यकर्ता ही करेंगे पीएम से बात: हालांकि बातचीत का मौका चुनिंदा कार्यकर्ताओं को ही मिलेगा। चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई। नमो एप पर अपने बूथ की बात करने वाले कार्यकर्ताओं में से ही चयनित को प्रधानमंत्री से सीधे बातचीत का अवसर मिलेगा। यह जानकारी मिलते ही धनबाद लोकसभा क्षेत्र के बूथ स्तर के कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ की जानकारी नरेंद्र मोदी को दे रहें हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री 13 सिंतबर को 'मेरा बूथ, सबसे मजबूत' कार्यक्रम के तहत जयपुर (ग्रामीण), नवादा, हजारीबाग, गाजियाबाद और अरुणाचल (पश्चिम) के भाजपा कार्यकर्ताओं से नरेन्द्र मोदी एप के माध्यम से संवाद कर चुके हैं।
पीएम से वीडियो संवाद का विधानसभा क्षेत्रों में होगा लाइव टेलीकास्ट : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो संवाद के माध्यम से धनबाद लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे। मुख्य समारोह में सांसद और संगठन के पदाधिकारियों के साथ करीब हजार कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही धनबाद लोकसभा क्षेत्र के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में भी लाइव टेलीकास्ट होगा। भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि धनबाद लोकसभा क्षेत्र में किस स्थान पर कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे, यह तय करने के लिए जिला प्रशासन से बातचीत चल रही है। जिला प्रशासन को वीडियो संवाद की व्यवस्था करनी है।