डॉक्टर की लापरवाही से प्रसूता की मौत, प्रबंधन से नाराज परिजनों ने जमकर काटा बवाल
बरवाअड्डा के सर्वमंगला नर्सिंग होम में गुरुवार को डॉक्टर की लापरवाही के कारण एक प्रसूता की जान चली गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने जमकर बवाल काटा।
जागरण संवाददाता, धनबाद: बरवाअड्डा के सर्वमंगला नर्सिंग होम में गुरुवार को डॉक्टर की लापरवाही के कारण एक प्रसूता की जान चली गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने जमकर बवाल काटा। अस्पताल परिसर में परिजनों द्वारा की गई तोडफ़ोड़ में एक कर्मचारी भी घायल हुआ है। बताया जाता है कि गुरुवार को उषा देवी नामक प्रसूता की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। महिला राजगंज थाना क्षेत्र के डोमनपुर इलाके की रहने वाली थी। मामले में बरवाअड्डा थाने में एफआइआर दर्ज की गई है।
हमेशा विवादों में रहा है सर्वमंगला नर्सिंग होम: सर्वमंगला नर्सिंग होम हमेशा विवादों में रहा है। अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही से अबतक दर्जनों मरीज अपनी जान गंवा चुके हैं। इन मामलों को रफा-दफा करने का आरोप भी प्रशासन पर लगता रहा है।
पुलिस छावनी में तब्दील हुआ अस्पताल: परिजनों ने बताया कि महिला की हालत बिगड़ती देख अस्पताल प्रबंधन ने उसे एक दूसरे निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। फिर उस अस्पताल से उसे बंगाल रेफर कर दिया गया। यहां प्रसूता की मौत हो गई। मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने सर्वमंगला अस्पताल में जमकर हंगामा किया और तोडफ़ोड़ की। परिजनों का कहना है कि महिला को सबसे पहले वहीं भर्ती कराया गया था। समय रहते वहां अगर कोई समस्या बताई जाती तो उसकी जान बच सकती थी।
हो-हंगामे के दौरान अस्पताल के कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की गई। इससे अस्पताल के एक कर्मचारी का पैर टूट गया। मामले की सूचना मिलने पर बरवाअड्डा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पूरे अस्पताल को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। मामले की जांच चल रही है।