विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 03, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

नमाज के लिए जामताड़ा में बंद हुआ स्कूल, भाजपा के बोल-विद्यालय में लागू हो रही विधानसभा की व्यवस्था; डीएसई ने जारी किया नोटिस

By MritunjayEdited By:
Published: Sun, 03 Oct 2021 10:36 AM (IST)

जामताड़ा के करमाटांड़ के बिराजपुर उच्च विद्यालय में अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों की संख्या अधिक है। यहां बहुसंख्यक समुदाय के ...और पढ़ें

नमाज के लिए जामताड़ा का बिराजपुर उच्च विद्यालय हुआ बंद ( सांकेतिक फोटो)।
नमाज के लिए जामताड़ा का बिराजपुर उच्च विद्यालय हुआ बंद ( सांकेतिक फोटो)।

जागरण संवाददाता, जामताड़ा। जुमा की नमाज पढऩे के लिए शुक्रवार को जामताड़ा जिला में करमाटांड़ प्रखंड के बिराजपुर उच्च विद्यालय में तालाबंदी किए जाने के मामले ने शनिवार को तूल पकड़ लिया। इस पर सियासी बहस भी शुरू हो गई। प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों तक यह बात गई। इसके बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय शंकर ने विद्यालय प्रबंधन समिति को नोटिस भेजी है। नोटिस में पूछा गया कि आखिर यह कार्रवाई किस आधार पर की गई। इस मुद्दे को लेकर भाजपा ने हमला बोला है। कहा है-झारखंड विधानसभा की तरह विद्यालयों में नमाज की व्यवस्था न हो। मालूम हो की झारखंड विधानसभा में नमाज के लिए विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने कमरे का आवंटन किया है। इस मुद्दे को लेकर खूब राजनीति हुई। जामताड़ा झारखंड विधानसभा अध्यक्ष का गृह जिला है।

विद्यालय में अल्पसंख्यक समुदाय के बच्चों की संख्या ज्यादा

करमाटांड़ के बिराजपुर उच्च विद्यालय में अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों की संख्या अधिक है। वहां बहुसंख्यक समुदाय के बच्चे भी पढ़ते हैैं। शुक्रवार को नमाज पढऩे की बात कह कर अचानक स्कूल में ताला जड़ छुट्टïी घोषित कर दी गई। शनिवार को गांव-गांव तक बात फैल गई। प्रशासन को खुफिया सूचना मिली है कि इस मसले पर नाराजगी फैल रही है। इसके बाद शिक्षा विभाग ने हस्तक्षेप किया है।

जामताड़ा जिले में में सात-आठ उर्दू प्राथमिक एवं मध्य विद्यालय है जो शुक्रवार को बंद रहते हैं। यहां रविवार की पढ़ाई होती है। हाई स्कूल के लिए ऐसा प्रावधान नहीं है। बिराजपुर उच्च विद्यालय में तालाबंदी को लेकर विद्यालय प्रबंधन समिति से जवाब मांगा गया है।

-अभय शंकर, जिला शिक्षा पदाधिकारी

कृपया विद्यालय में विधानसभा की व्यवस्था लागू न करे : भाजपा

बीते विधानसभा चुनाव में जामताड़ा से भाजपा उम्मीदवार रहे वीरेंद्र मंडल ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो इसी जिले से हैं। अनुरोध है कि विद्या के मंदिर में विधानसभा की व्यवस्था को लागू न करें। उन्होंने कहा कि विधानसभा में नमाज कक्ष की व्यवस्था कर तुष्टिकरण का इरादा सार्वजनिक किया जा चुका है। स्कूलों में ऐसा नहीं होना चाहिए। प्रशासन तुरंत कार्रवाई करे ताकि सामाजिक समरसता बनी रहे। विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष अनूप राय ने कहा कि ऐसा लगता है कि विद्यालय प्रबंधन समिति के लोगों को तालिबानी फरमान पर यकीन है। संघ के सुमन दास ने कहा कि नमाज के लिए विद्यालय को बंद करना आश्चर्यचकित करने वाली घटना है।

रवींद्र नाथ महतो ने विधानसभा में बनाया था नमाज कक्ष

जामताड़ा जिला में दो विधानसभा क्षेत्र हैैं, नाला और जामताड़ा। जामताड़ा से कांग्रेस के डाक्टर इरफान अंसारी विधायक हैं तो नाला से रवींद्र नाथ महतो झामुमो के टिकट पर विधायक चुने गए। रवींद्र नाथ महतो अभी विधानसभा अध्यक्ष हैं। उन्होंने ही विधानसभा में नमाज कक्ष बनाने का आदेश दिया था। हालांकि, सदन में जबरदस्त विरोध के बाद इस मसले पर सर्वदलीय समिति बनाई गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।