COVID-19 : कोरोना से लड़ रहे पुलिसकर्मियों को मिलेगा 50 लाख का बीमा, होमगार्ड जवानों ने भी मांगी सुविधा Dhanbad News
पुलिस कर्मी दिन-रात सड़क पर खड़े होकर जनता की सुरक्षा में लगे हैं। इस कार्य के दौरान इन्हें भी कोरोना संक्रमण होने का खतरा है। ऐसी में पुलिस कर्मियों का भी 50 लाख का बीमा मिलेगा।
धनबाद, जेएनएन। कोरोना वायरस के मरीजों की देखभाल में लगे स्वास्थ्य कर्मियों की तरह ही झारखंड पुलिस को भी 50 लाख का बीमा मिलेगा। मामले को लेकर शुक्रवार को पुलिस महानिरीक्षक मुख्यालय विपुल शुक्ला की ओर से 50 लाख का बीमा को लेकर अनुशंसा की गई है। विपुल शुक्ला की ओर से अपर मुख्य सचिव को दिए गए पत्र में बताया गया है कि पुलिस कर्मी दिन-रात सड़क पर खड़े होकर जनता की सुरक्षा में लगे हैं। इस कार्य के दौरान इन्हें भी कोरोना का संक्रमण होने का खतरा है। ऐसी स्थिति को देखते हुए झारखंड राज्य के सभी पुलिस कर्मियों का 50-50 लाख रुपये का बीमा की जाए।
पुलिस कर्मियों को सुरक्षा मद में मिले 62.30 लाख : कोरोना संक्रमण काल में ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों के सुरक्षा संबंधी उपायों को लेकर राज्य सरकार की ओर से 62.30 लाख रुपये की राशि दी गई है। सरकार के स्तर से इस मामले को लेकर आदेश पारित कर दिया गया है। दिए गए आदेश में बताया गया है कि उपरोक्त राशि का खर्च केवल पुलिस कर्मियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सामान की खरीद को लेकर किया जाएगा।
होमगार्ड जवानों ने भी मांगी सुविधा : पुलिसकर्मियों को 50 लाख का बीमा स्वीकृति मिलने के बाद होमगार्ड जवानों ने भी सारी सुविधाएं देने की मांग की है। झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रवि मुखर्जी ने कहा कि महामारी के इस दौर में होमगार्ड जवान भी सड़कों पर अपना कार्य कर रहे हैं। इनके लिए मास्क, सैनिटाइजर समेत अन्य सुरक्षा उपकरण नहीं दिए गए हैं। ऐसे में उनकी मांग है कि सरकार होमगार्ड जवानों की सुरक्षा के लिए भी ध्यान दें।