Cyber Crime: हैदराबाद की साइबर थाना की पुलिस कर रही धनबाद में छापेमारी, देवघर से तीन अपराधियों को किया गिरफ्तार
हैदराबाद की साइबर थाना की पुलिस ऑनलाइन ठगी के करीब एक दर्जन मामलों के आरोपितों की धरपकड़ के लिए धनबाद में छापेमारी कर रही है। पुलिस टीम गिरिडीह जामताड़ा और देवघर जिले में भी छानबीन कर रही है। देवघर से तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार भी किया गया है।
धनबाद, जेएनएन। हैदराबाद की साइबर थाना की पुलिस वहां दर्ज ऑनलाइन ठगी के करीब एक दर्जन मामलों के आरोपितों की धरपकड़ के लिए धनबाद में छापेमारी कर रही है। धनबाद के अलावा पुलिस टीम सूबे के गिरिडीह, जामताड़ा और देवघर जिले में भी छानबीन कर रही है। इस दौरान देवघर से तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार भी किया गया है। उनसे मिले सुराग के सहारे धनबाद और आसपास के जिलों में छापेमारी की जा रही है।
बता दें कि हैदराबाद साइबर क्राइम ब्रांच की दो टीम इस काम में लगी है। डेढ़ दर्जन से अधिक पुलिस पदाधिकारी व जवान झारखंड के विभिन्न जिलों में साइबर अपराधियों को ढूंढ रहे हैं। एक टीम को झारखंड में गिरफ्तार अपराधियों को हैदराबाद ले जाने के लिए लगाया गया है, जबकि दूसरी टीम धनबाद, गिरिडीह, बोकारो, देवघर जामताड़ा जिले में छापेमारी कर रही है। बुधवार को ही हैदराबाद साइबर क्राइम ब्रांच के पदाधिकारी धनबाद साइबर डीएसपी से मुलाकात कर यहां के कुछ साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए मदद की मांग की है। बता दें कि ऑनलाइन ठगी के कई मामले में आधा दर्जन से अधिक अपराधियों हैदराबाद पुलिस धनबाद में भी खोज रही है।