पूर्व सांसद के आवासीय परिसर से पकड़ाया डकैत, टुंडी कांड में पुलिस को थी तलाश Dhanbad News
डकैत अजय कुमार साव को गिरिडीह के पूर्व सांसद राजकिशोर महतो के चिरागोड़ा स्थित आवासीय परिसर से गिरफ्तार किया गया। वह एक महीने से किराये पर रह रहा था।
धनबाद, जेएनएन। पूर्व सांसद राजकिशोर महतो के आवासीय परिसर से पुलिस ने एक डकैत को गिरफ्तार किया है। डकैत का नाम अजय साव है। वह धनबाद के चीरोगोड़ा स्थित पूर्व सांसद के आवासीय परिसर में पिछले एक माह से रह रहा था। इस आवासीय परिसर में पूर्व सांसद भी रहते हैं। बुधवार की देर रात जब धनबाद पुलिस छापा मारने पहुंची तो पूर्व सांसद के परिवार के लोग कुछ समझ नहीं पाए। बाद में उन्हें पूरे माजरा का पता चला।
25 जून, 2020 की रात टुंडी में टाटा के सेवानिवृत्त कर्मचारी के घर भीषण डकैती हुई थी। इसी मामले में पुलिस को अजय साव की तलाश थी। साव को टुंडी के पूर्व विधायक और गिरिडीह के पूर्व सांसद राजकिशोर महतो के चिरागोड़ा स्थित आवासीय परिसर से गिरफ्तार किया गया। अजय टुंडी के पुरनाडीह में रिटायर्ड टाटाकर्मी के घर 25 जून को हुई डकैती में वांछित था। वह किराए पर मकान लेकर रह रहा था। इस कांड में शामिल दो डकैतों को कतरास पुलिस ने वारदात के दूसरे दिन ही अहले सुबह पांच देसी पिस्टल, बड़ी मात्रा में सोने के जेवर समेत लूटे गए अन्य सामान के साथ गिरफ्तार किया था।
टुंडी थाना क्षेत्र के पुरनाडीह में टाटा कंपनी के रिटायर्ड कर्मी उमेश मंडल के यहां 25 जून की रात लगभग एक दर्जन डकैतों ने छह साल के बच्चे को अपने कब्जे में लेकर 10 लाख से अधिक के सोने के जेवर एवं 50,000 रुपया नगद लूट लिया था। अजय पूर्व सांसद के घर में रहने से पहले मनईटांड में रहता था। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।