ढुलू की विधायकी खत्म करने को दी याचिका, क्या जीवन भर चुनाव लड़ने पर लगेगी रोक? Dhanbad News
बाघमारा के विधायक ढुलू महतो की विधायकी खत्म हो सकती है। बियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार झा ने ढुलू की विधायकी खत्म करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो को याचिका दी है।
धनबाद, जेएनएन। भाजपा विधायक ढुलू महतो की मुश्किले बढ़ने वाली है। बियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार झा ने बाघमारा के विधायक ढुलू महतो की विधायकी खत्म करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो को याचिका दी है। याचिका में उन्होंने केरल के विधायक प्रभाकरन की विधायकी खत्म करने के मामले का उल्लेख किया है। इस मामले में उच्चतम न्यायालय के आदेश की प्रति भी उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को उपलब्ध कराई है।
याचिका में तर्क दिया है कि ढुलू महतो को अलग-अलग मुकदमे में कुल 84 महीने की सजा हो चुकी है। 24 माह से अधिक सजा होने पर विधायकी खत्म होने का प्रावधान है। अलग-अलग धाराओं में 84 माह की सजा होने के आधार पर ढुलू महतो की विधायकी को तुरंत खत्म करना चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष को याचिका देने के बाद रानीबाजार में गुरुवार को विजय कुमार झा ने पत्रकारवार्ता की।
झा ने कहा कि अलग-अलग धाराओं में 27 माह की सजा होने के आधार पर केरल विधानसभा में प्रभाकरन की सदस्यता खत्म कर दी गई थी। यह मामला उच्चतम न्यायालय में गया था। संवैधानिक पीठ ने 11 जनवरी 2005 को सदस्यता खत्म करने के पक्ष में फैसला सुनाया था। प्रभाकरन के जीवन भर चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी थी। उन्होंने कहा कि ढुलू महतो को जिन मुकदमे में सजा हुई है, वे अदालत में सुनवाई के लिए लंबित है। ढुलू महतो के शपथ पत्र में दोनों मुकदमे में सजा का उल्लेख है। एक मुकदमे में 72 माह तो दूसरे मुकदमे में 12 माह की सजा का वर्णन है।