150 फीट का तिरंगा बना आकर्षण का केंद्र, जश्ने ईद-ए-मिलाद-उन-नबी पर लगे हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे Dhanbad News
जश्ने ईद-ए-मिलाद-उन-नबी पर कोयलांचल के मुसलमानों ने देशभक्ति की मिसाल पेश की। सबसे बड़ा आकर्षण का केंद्र रहा डेढ़ सौ फीट लंबा तिरंगा झंडा।
धन्यवाद, जेएनएन। जश्ने ईद-ए-मिलाद-उन-नबी पर शहर के मुसलमानों ने देशभक्ति की मिसाल पेश की। सबसे बड़ा आकर्षण का केंद्र रहा डेढ़ सौ फीट लंबा तिरंगा झंडा। तिरंगे को अपने हाथ में लेकर जुलूस में शामिल लोग मंच तक पहुंचे। इस दौरान लोग एक तरफ सरकार की आमद मरहबा का नारा लगा रहे थे, तो दूसरी तरफ हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारों से शहर की गलियां-चौराहे गूंज उठें।
जुलूस में शामिल लोगों का कहना था कि हिंदुस्तान हमे हमारे जान से भी प्यारा है। लोगों ने त्योहार के मौके पर सौहार्द का संदेश दिया। इधर, रंगाटांड़ के पास नौजवान कमेटी की ओर से बड़ा मंच लगाया गया है। यहां से आए हुए जुलूस में लोगों को फल, शरबत दिए जा रहे हैं। मिलाद उन नबी के जुलूस में बड़ों के साथ काफी तादाद में बच्चों भी शामिल हुए हैं। बच्चों का उत्साह देखते बन रहा है।
जुलूस में हर गतिविधि पर पुलिस की नजर
मिलाद-उन-नबी के अवसर पर पुलिस भी खास सतर्क है। शहर व आसपास के इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात की गई है। सुरक्षा को लेकर पुलिस कंट्रोल रूम से भी मोनेटरिंग कर रही है। साथ ही सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी की जा रही है।