कोल इंडिया दिव्यांग को नौकरी नहीं देना चाहती क्या? 4% आरक्षण, हकीकत में सिर्फ 0.98% हिस्सेदारी
सरकारी नौकरियों में दिव्यांगजनों के लिए 4% आरक्षण के बावजूद, केंद्रीय मंत्रालयों में उनका प्रतिनिधित्व केवल 0.98% है, जिस पर संसदीय समिति ने सख्त रुख अपनाया है।

बीसीसीएल समेत सभी क्षेत्रों से जुटाई जा रही जानकारी; कोल इंडिया स्तर पर मची हलचल।
HighLights
सरकारी नौकरियों में दिव्यांगों का प्रतिनिधित्व 0.98% ही।
संसदीय समिति ने कार्मिक विभाग से मांगी समयबद्ध कार्ययोजना।
कोल इंडिया में दिव्यांग आरक्षण अनुपालन की समीक्षा तेज।
आशीष अंबष्ठ, धनबाद। सरकारी नौकरियों में दिव्यांगजनों को चार प्रतिशत आरक्षण देने का कानूनी प्रावधान है, लेकिन हकीकत में उनका प्रतिनिधित्व एक प्रतिशत से भी कम है। केंद्र सरकार के मंत्रालयों में दिव्यांग कर्मचारियों की हिस्सेदारी महज 0.98 प्रतिशत होने का मामला सामने आने के बाद संसदीय समिति ने सख्त रुख अपनाया है।
लोकसभा की सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता संबंधी स्थायी समिति ने कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) से 10 पृष्ठों की प्रश्नावली भेजकर विस्तृत जवाब मांगा है। तीन नवंबर 2026 को अधिकारियों के साथ हुई बैठक में यह आंकड़ा सामने आया था।
इसके बाद समिति ने पूछा है कि जब दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के तहत सरकारी नौकरियों में चार प्रतिशत आरक्षण अनिवार्य है, तो इसका लाभ पात्र लोगों तक क्यों नहीं पहुंच रहा है। इस निर्देश और आरक्षण के अनुपालन को लेकर कोयला क्षेत्र में भी हलचल तेज हो गई है।
कोल इंडिया सहित भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) तक भी इससे संबंधित पत्र पहुंचा है। कोल इंडिया स्तर पर सभी संबंधित कंपनियों और क्षेत्रों से जरूरी आंकड़े जुटाने तथा आरक्षण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की कवायद शुरू हो गई है। मुख्यालय से लेकर एरिया, परियोजना स्तर पर डाटा तैयार किया जा रहा है।
कितने अभ्यर्थियों का चयन हुआ और कितनों को नियुक्ति मिली, ब्योरा तलब
समिति ने केवल नियुक्तियों का आंकड़ा ही नहीं, बल्कि पदोन्नति से लेकर खाली पदों तक का पूरा हिसाब मांगा है। इसमें पूछा गया है कि वर्ष 2017 से अब तक कितने दिव्यांग अभ्यर्थियों की नियुक्ति हुई, कितने पद खाली हैं और स्वीकृत पदों के मुकाबले दिव्यांग कर्मचारियों की संख्या कितनी है। समूह ए, बी और सी के पदों पर अलग-अलग जानकारी मांगी गई है।
इसके अलावा पिछले पांच वर्षों में विशेष भर्ती अभियान के तहत कितने पद निकाले गए, कितने अभ्यर्थियों का चयन हुआ और कितनों को नियुक्ति मिली, इसका ब्योरा भी तलब किया गया है। खाली रह गए आरक्षित पदों को अगले वर्षों में आगे बढ़ाने, उन्हें सामान्य श्रेणी में बदलने और समाप्त करने से जुड़े मामलों की भी जानकारी मांगी गई है।
समिति ने पदोन्नति में आरक्षण, वर्षों से लंबित पदोन्नति और पात्र कर्मचारियों को काल्पनिक पदोन्नति देने के निर्देशों के अनुपालन पर भी सवाल उठाए हैं। बीसीसीएल सहित कोयला क्षेत्र की कंपनियों से यह स्पष्ट करने को कहा जा रहा है कि दिव्यांग कर्मचारियों के लिए निर्धारित आरक्षण का कितना पालन हो रहा है और कितने पद अब भी खाली हैं।
चार प्रतिशत तक पहुंचाने के लिए सरकार के पास क्या योजना है?
समिति ने आरक्षण लागू करने में लापरवाही, पदों की पहचान नहीं होने, रोस्टर में गड़बड़ी और छूट के नाम पर आरक्षित पदों का दायरा घटाने जैसे मामलों पर भी जवाब मांगा है। साथ ही दिव्यांग कर्मचारियों को कार्यस्थल पर सुविधाएं, सहायक उपकरण, सुलभ भवन, प्रशिक्षण और स्थानांतरण में प्राथमिकता देने की स्थिति स्पष्ट करने को कहा है।
सबसे अहम सवाल यह है कि आखिर 0.98 प्रतिशत प्रतिनिधित्व को चार प्रतिशत तक पहुंचाने के लिए सरकार के पास क्या योजना है? समिति ने इसके लिए वर्षवार लक्ष्य, मंत्रालयवार जिम्मेदारी, खाली पद भरने की समय-सीमा और निगरानी व्यवस्था सहित विस्तृत कार्ययोजना मांगी है।
इसका असर कोयला उद्योग पर भी पड़ सकता है। कोल इंडिया की सभी अनुषंगी कंपनियों में नियुक्तियों, पदोन्नतियों और आरक्षित रिक्तियों की समीक्षा की जरूरत होगी।
अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कंपनियां दिव्यांग आरक्षण से जुड़े आंकड़ों और लंबित मामलों पर क्या जवाब देती हैं तथा आरक्षण का वास्तविक लाभ पात्र कर्मचारियों तक पहुंचाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।