मैथन टोल प्लाजा से गुजरने वाले ऑक्सीजन वाहनों को नहीं लगेगा टोल टैक्स
संवाद सहयोगी मैथन कोरोना महामारी के कारण अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी को देखते हुऐ म
संवाद सहयोगी, मैथन : कोरोना महामारी के कारण अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी को देखते हुऐ मैथन टोल प्लाजा ने ऑक्सीजन लेकर गुजर रहे वाहनों को टोल फ्री कर दिया है। इस महामारी में टोल प्लाजा भी देश के साथ है। अस्पतालों में सप्लाई के लिए ऑक्सीजन लेकर गुजरने वाले वाहनों का फिलहाल टोल टैक्स नहीं लगेगा। जानकारी देते हुए मैथन टोल प्लाजा के सहायक टोल मैनेजर राहुल सिंह ने कहा कि भारत सरकार के निर्देशानुसार ऑक्सीजन लेकर टोल प्लाजा से गुजर रहे वाहनों को बिना टोल लिए ही और बिना देर किए टोल से जाने दिया जा रहा है, ताकि वह समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सके। राहुल सिंह ने यह भी बताया कि झारखंड में लॉकडाउन के कारण टोल प्लाजा से छोटी गाड़ियां कम गुजर रही है जिससे टोल वसूली में थोड़ा असर भी पड़ा है।
फास्टैग सिस्टम टोल प्लाजा कर्मियों के लिए बना रामबाण
मैथन टोल प्लाजा पर फास्टैग सिस्टम टोल कर्मियों के लिए रामबाण साबित हुआ है। सहायक टोल मैनेजर राहुल सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी में शत-प्रतिशत फास्टैग सिस्टम से टोल प्लाजा के कर्मचारी सीधे चालकों से संपर्क में आने से बच रहे हैं और सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों एवं जिलों से होते हुए वाहन प्लाजा से गुजरते हैं जिन्हें लेनदेन के लिए संपर्क में आना होता था परंतु शत प्रतिशत फास्टैग लगाए जाने से कोई भी कर्मी सीधे चालक के संपर्क में नहीं आते हैं। इससे इस महामारी में टोल कर्मियों के लिए थोड़ा राहत की बात है। अन्य कर्मियों के लिए टोल प्लाजा पर नियमित सैनिटाइजेशन व कर्मियों के लिए मास्क की व्यवस्था की गई है। जिसके परिणामस्वरूप मैथन टोल प्लाजा पर एक भी कर्मी संक्रमित नहीं पाए गए हैं जो काबिले तारीफ है।