जब मेडिकल कॉलेज की छात्राओं ने रैंप पर बिखेरा जलवा तो देखने वाले देखते रह गए
अंतराग्नि के दौरान कॉलेज ऑडिटोरियम में फैशन शो का आयोजन किया गया। इसमें मेडिकल छात्र-छात्राओं के संग शिक्षक भी रैंप पर कैटवॉक करते दिखे।
धनबाद, जेएनएन। पीएमसीएच में चल रहा वार्षिक उत्सव अंतराग्नि पूरे उफान पर है। शुक्रवार को जहां बॉलीवुड सिंगर अर्जुन कानूनगो ने यहां स्टार नाइट के दौरान फिल्मी गीतों से धमाल मचाया था तो शनिवार को मेडिकल छात्र-छात्राओं ने स्वयं फैशन शो में रौनक बिखेरी।
अंतराग्नि के दौरान कॉलेज ऑडिटोरियम में शनिवार रात फैशन शो का आयोजन किया गया। इसमें मेडिकल छात्र-छात्राओं के संग शिक्षक भी रैंप पर कैटवॉक करते दिखे। कार्यक्रम के दौरान मेडिकल छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक वस्त्रों का प्रदर्शन किया। छात्राएं तो डिजाइनर वस्त्रों के सहारे प्रोफेशनल मॉडलों को भी मात देतीं नजर आईं। भारतीय के साथ पश्चिमी परिधानों का भी उन्होंने प्रदर्शन किया। किसी ने नए डिजाइन के लहंगे में कैटवॉक किया तो कोई फैशनेबल सुट में। छात्र भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने भी कई फैशनेबल वस्त्रों के साथ रैंप पर कैटवॉक कर तालियां बटोरी। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. शैलेंद्र कुमार के साथ डॉ. संजय कुमार सिन्हा, डॉ. आशुतोष, डॉ. विभूतिनाथ, डॉ. लीना सिंह आदि भी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने भी रैंप पर कैटवॉक कर छात्र-छात्राओं का हौंसला बढ़ाया।
पीएमसीएच में पिछले एक माह से वार्षिक उत्सव अंतराग्नि का आयोजन किया जा रहा है। इसमें कई तरह के सांस्कृतिक और खेल कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सरस्वती पूजा के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण के साथ वार्षिक उत्सव का समापन होगा।