झरिया प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष ने होटल में की फायरिंग, एक जख्मी Dhanbad News
सूरज व उसके साथियों ने आरोप लगाया कि हमलावरों में चासनाला पेट्रोल पंप के समीप रहनेवाला बूटनी सिंह और झरिया प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष नेता इम्तियाज अली समेत आठ-नौ युवक शामिल थे।
बलियापुर, जेएनएन। बलियापुर बाजार के सिंदरी रोड स्थित प्रियंका होटल में बुधवार शाम लगभग साढ़े चार बजे दबंगों ने मोहन बाजार के युवक सूरज को गोली मार दी जो उसके पैर में लगी। इससे पहले उससे तथा उसके साथी घनश्याम से मारपीट भी की। दोनों को माथे पर चोट आई।
सूरज व उसके साथियों ने आरोप लगाया कि हमलावरों में चासनाला पेट्रोल पंप के समीप रहनेवाला बूटनी सिंह और झरिया प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष नेता इम्तियाज अली समेत आठ-नौ युवक शामिल थे। फायरिंग के बाद हमलावर पिस्टल को होटल में ही फेंककर भाग गए। उसके बाद बलियापुर पुलिस पहुंची और पड़ताल की। मौके से एक पिस्टल भी बरामद किया। बाद में सिटी एसपी भी वहां पहुंचे और तहकीकात की।
बताया गया कि मोहन बाजार, परघाबाद निवासी 25 वर्षीय सूरज बाइक से बलियापुर आया था। उसके साथ घनश्याम, अमित, लड्डू, सत्यम, गुंजन भी अपनी-अपनी बाइक से बजाज शोरूम पहुंचे थे। शाम में सभी प्रियंका होटल में खाना खाने पहुंचे। वे खाना खा रहे थे कि एक स्कार्पियो व स्विफ्ट वाहन से आठ-नौ युवक आए और सूरज व घनश्याम के माथे पर धारदार हथियार से प्रहार कर दिया। बचाव में जब उनके साथी उठे तो हमलावरों में एक बूटन ने सूरज पर गोली चला दी। इसके बाद हमलावर बाहर आए और वहां खड़ी बाइकों में तोडफ़ोड़ करने लगे। इसके बाद सभी सिंदरी की ओर भाग गए। सूरज को साथियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां से उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। घनश्याम को माथे के पीछे गहरा जख्म आया है। उन्हें कई टांके लगाए गए।
सूरज व उसके साथियों ने बताया कि दुर्गापूजा के दौरान मोहन बाजार में सूरज के पिता के दोस्त मुन्ना रवानी के साथ मारपीट हुई थी। इसी बात पर दोनों गुटों में विवाद चल रहा था।