काम की खबर: अब घर बैठे जान सकेंगे किस सरकारी अस्पताल में कौन सी दवा उपलब्ध Dhanbad News
अब ई-औषधि पोर्टल से मरीजों को दवाओं की सटीक जानकारी मिल पाएगी। लोग घर बैठे अपने कंप्यूटर या मोबाइल से एक क्लिक में किसी भी सरकारी अस्पताल में दवा की उपलब्धता जान सकेंगे।
जागरण संवाददाता, धनबाद: सरकारी अस्पताल व स्वास्थ्य केंद्र अक्सर दवा नहीं रहने के कारण सुर्खियों में रहते हैं। दूर-दराज से आने के बाद पता चलता है कि अस्पताल में दवा नहीं हैं। लिहाजा मायूस होकर मरीजों को लौटना पड़ता है, लेकिन अब ई-औषधि पोर्टल से मरीजों को दवाओं की सटीक जानकारी मिल पाएगी।
लोग घर बैठे अपने कंप्यूटर या मोबाइल से एक क्लिक में किसी भी सरकारी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र में दवा की उपलब्धता जान सकेंगे। धनबाद में भी नयी व्यवस्था ई-औषधि पोर्टल के तहत काम की शुरूआत कर दी गयी है। इस नयी व्यवस्था के तहत धनबाद के सभी सरकारी अस्पताल, सभी प्रखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को जोड़े जा रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर दवाओं की खरीदारी होगी बंद: नई व्यवस्था के तहत, स्थानीय स्तर पर दवाओं की खरीदारी बंद होगी। इसके लिए मुख्यालय ने धनबाद को सूचना भेजी है। पहले राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य केंद्रों व अस्पतालों में दवाएं खरीदी जाती थी, लेकिन व्यवस्था को बंद करने का फरमान जारी किया गया है। अब मुख्यालय (रांची) अपने स्तर से धनबाद सहित सभी जिलों को दवाएं भेजेगी।
मिलेंगी 139 तरह की दवाएं: अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों को 139 तरह की दवाएं उपलब्ध कराई जाएगी। रांची में इसके लिए खरीदारी शुरू कर दी गयी है। कम से कम तीन माह तक दवाएं उपलब्ध रहेगी। दवाएं खत्म होने से पहले रांची की ओर से उपलब्ध करा दी जाएंगी।
ऐसे काम करेगा ई-औषधि पोर्टल: ई-औषधि पोर्टल विभागीय अधिकारियों से लेकर आम लोग भी प्रयोग कर सकते हैं। पोर्टल पर जाने के बाद अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र, प्रखंड व जिला के नाम की एंट्री करनी होगी। इसके बाद उस केंद्र या अस्पताल में हर दिन दवाओं की उपलब्धता की सूची मिल जाएगी।
धनबाद के सिविल सर्जन डॉ. गोपाल दास ने कहा कि नई व्यवस्था धनबाद में शुरू कर दी गई है। दवाओं की कमी की समस्या पर रोक लगेगी। ई-औषधि से कहीं से भी दवाओं की बारे में जानकारी ली जा सकती है।