कोरोना से अब क्यों डरना, Dhanbad नगर निगम है न! बस एक कॉल कीजिए घर सहित पूरा माेहल्ला हो जाएगा सैनिटाइज
यदि आप अपने मोहल्ले या वार्ड में सैनिटाइजेशन कराना चाहते हैं तो नगर निगम को फोन करें। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए नगर निगम की ओर से सैनिटाइजेशन का कार्य शुरू किया जा रहा है। इसके लिए नगर निगम ने छह टीमों का गठन किया है।
धनबाद, जेएनएन : यदि आप अपने मोहल्ले या वार्ड में सैनिटाइजेशन कराना चाहते हैं तो नगर निगम को फोन करें। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए नगर निगम की ओर से युद्धस्तर पर सैनिटाइजेशन का कार्य शुरू किया जा रहा है। इसके लिए नगर निगम ने छह टीमों का गठन किया है।
सभी वार्डों में वाटर स्प्रीनकर मशीन, ट्रेक्टर माउंटेड हाई प्रेशर मशीन, हैंड स्प्रे मशीन के सहयोग से सोडियम हाईपोक्लोराइट सोल्यूशन का छिड़काव किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम के सभी 55 वार्डों में सैनिटाइजेशन के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।
कोविड संक्रमण को रोकने के लिए निगम द्वारा सभी आवश्यक संसाधन की व्यवस्था कर ली गई है। उन्होंने बताया कि जिस वार्ड की जिम्मेवारी विशेष टीम के सदस्यों को दी गई है। उनका नाम और मोबाइल नंबर नगर निगम ने जारी कर दिया है। अर्जुन राम को वार्ड 20 से 28 तक, चंदन भारती को 29 से 33 तक, रमेश प्रसाद को वार्ड एक से आठ तक, विमलेश कुमार को 9 से 19 तक, संजय कुमार को 34 से 45 तक तथा मुकेश कुमार को वार्ड संख्या 46 से 55 तक के सैनिटाइजेशन की जिम्मेवारी सौपी गई है। वहीं डोर टू डोर कचड़ा संग्रहण के लिए 150 वाहनों को लगाया गया है। इसके आलावा डोर-टू-डोर सफाई को लेकर टोल फ्री नंबर भी जारी किया गया है। वहीं दूसरी शिकायतों के लिए भी टोल फ्री पर संपर्क किया जा सकता है।