आवास सर्वे को लेकर ईस्ट बसुरिया में दो पक्षों में मारपीट, तनाव
निचितपुर ईस्ट बसुरिया सेक्टर-तीन कॉलोनी में शनिवार को दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई।
निचितपुर : ईस्ट बसुरिया सेक्टर-तीन कॉलोनी में शनिवार को दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। हालांकि इसमें किसी को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तेतुलमारी, अंगारपथरा व रामकनाली ओपी के अलावा जिले से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंची और दोनों पक्ष को समझा-बुझाकर माहौल को शांत किया। अंचलाधिकारी राजेश कुमार कॉलोनी पहुंचे और लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। बताया जा रहा है कि बीसीसीएल कर्मी घानू मंडल कई युवकों को साथ लेकर वहां आवासों में सर्वे करने गया था। इस बीच किसी बात को लेकर आवासों में रहने वाले और सर्वे करने वाले कर्मियों के बीच बकझक हो गई। इसकी जानकारी मिलते हीं दोनों पक्ष के समर्थन में लोग वहां जुट गए। नोकझोंक के बाद मारपीट होने लगी। सूचना मिलते ही ईस्ट बसुरिया पुलिस मौके पर पहुंची और बड़ी घटना को टाल दिया। सीओ राजेश कुमार व इंस्पेक्टर सुभाष सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। घानू मंडल ने बताया कि वे अधिकारियों के निर्देश पर ईस्ट बसुरिया सेक्टर 3 कॉलोनी में बीसीसीएल कर्मियों व गैर बीसीसीएल कर्मियों की सूची तैयार करने गए थे। कुछ लोगों ने विवाद करना शुरू कर दिया। वर्जन
क्वार्टरों में वैध और अवैध रुप से रह रहे लोगों की जांच को लेकर धक्कामुक्की हुई है। मामले में किसी पक्ष ने अभी तक लिखित शिकायत नहीं दी है।
शमशेर आलम, ओपी प्रभारी