यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 15, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
धनबाद : अपार्टमेंट के पास कचरे में बिलखती मिली नवजात, पैर-शरीर में हल्के जख्म के निशान, एनआइसीयू में भर्ती
धनबाद के अपार्टमेंट के पास नवजात बिलखती मिली है। बच्ची के पैर-शरीर में हल्के जख्म के निशान भी हैं। उसे ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद में कचरे में पड़ी एक नवजात बच्ची मिलने का मामला सामने आया है। ठंड के मौसम में मासूम पूरी रात कचरे में पड़ी रही। सुबह किसी ने उसकी रोने की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, शहीद निर्मल महतो मेडिकल कालेज एवं अस्पताल के नियो नेटल केयर यूनिट (एनआइसीयू) में नवजात बच्ची बिलख रही है। दूध के लिए नवजात बार-बार तड़प रही है। मां का आंचल भले ही नहीं मिला, लेकिन अस्पताल में नर्स मां की कमी पूरी कर रही हैं। हर कोई कलयुगी मां को कोस रहा है। आखिर कोसे भी क्यों ना।
धनसार के पास एक अपार्टमेंट के पीछे नवजात बच्ची को जन्म के बाद उसके माता-पिता ने कचरे में फेंक दिया। रात भर कचरे में नवजात बच्ची कराहती रही। इसकी सूचना आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसे शुक्रवार की रात एनआइसीयू में भर्ती कराया।
अस्पताल में काटी गई नाल, बच्चे की जान बची
कचरे के ढेर से बच्ची को अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में लाने के बाद नर्सों ने बच्ची की नाल काटी। बच्ची के पैर और शरीर के दूसरे हिस्सों में हल्के जख्म हो गए हैं। फिलहाल डाक्टरों की निगरानी में बच्ची को एनआइसीयू में रखा गया है। अस्पताल के चिकित्सक डा. अविनाश कुमार ने बताया कि बच्ची की स्थिति फिलहाल बेहतर है। अभी तक इसके माता-पिता के बारे में पुलिस नहीं बता रही है। अज्ञात नाम से बच्ची को यहां भर्ती कराया गया है।